सुजानपुर को मिली निगम की 2 नई बसों की सौगात

punjabkesari.in Saturday, Feb 17, 2018 - 10:35 AM (IST)

सुजानपुर : परिवहन विभाग हिमाचल प्रदेश ने उपमंडल सुजानपुर को 2 नई बसें लगाकर क्षेत्रवासियों को तोहफा दिया है। निगम की दोनों ही बसों का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। पालमपुर से शिमला नॉन स्टॉप बस सुविधा और दूसरी पालमपुर से परवाणु बस सुविधा का विधिवत शुक्रवार को शुभारंभ हुआ है। दोनों ही बसें सुजानपुर से होते हुए आगे प्रस्थान करेंगी। दोनों बसों के शुरू होने से क्षेत्रवासियों खासकर प्रदेश की राजधानी शिमला और पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ जाने वालों को सबसे ज्यादा सहूलियत होगी। जानकारी के अनुसार शिमला नॉन स्टॉप बस पालमपुर बस स्टैंड से सुबह 4 बजकर 10 पर चलेगी और सुजानपुर में 5 बजकर 10 मिनट पर पहुंचेगी। करीब 15 मिनट रुकने के बाद यह बस सुजानपुर से साढ़े 5 बजे शिमला वाया हमीरपुर के लिए प्रस्थान करेगी।

शिमला से पालमपुर के लिए वापसी करेगी
दूसरी बस पालमपुर बस स्टैंड से सुबह पौने 11 बजे निकलेगी और सुजानपुर 12 बजे पहुंचेगी। यहां पहुंचने के बाद 15 मिनट यात्रियों का इंतजार करने के बाद वाया जीहन बड़ा होते हुए आगे प्रस्थान करेगी। नॉन स्टॉप पालमपुर-शिमला बस साढ़े 11 बजे शिमला पहुंचेगी और उसके बाद उसी दिन 2 बजकर 20 मिनट पर शिमला से पालमपुर के लिए वापसी करेगी। इस बस से प्रदेश की राजधानी शिमला जाने वाले लोगों को एक दिन में ही पहुंचने और वहां पर कार्य करके उसी दिन घर वापसी करने का फायदा मिलेगा। फ्लाइंग स्क्वायड बैजनाथ डिपो प्रभारी जितेंद्र सिंह पाल ने बताया कि शुक्रवार को निगम की दोनों बसों की शुरूआत करवा दी गई है। क्षेत्रवासियों की मांग पर राज्य सरकार ने इन्हें शुरू किया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News