आधी रात को फ्लाईओवर से नीचे गिरा PTU कर्मी, मचा बवाल

punjabkesari.in Wednesday, Feb 21, 2018 - 11:38 AM (IST)

जालंधर (सुधीर): डी.ए.वी. कालेज फ्लाईओवर से आधी रात को पी.टी.यू. कर्मी नीचे गिर कर घायल हो गया। अचानक फ्लाईओवर से नीचे गिरतेा देख मौके पर खड़े लोगों ने आशंका प्रकट की कि शायद किसी ने फ्लाईओवर से धक्का देकर व्यक्ति को नीचे गिराया है जिसके बाद आसपास के लोगों ने गंभीर अवस्था में विक्रमजीत निवासी गांधी कैंप को उपचार हेतु निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना नं.-1 की पुलिस मौके पर पहुंची पर उक्त क्षेत्र के थाना नं. 2 के अधीन होने के कारण थाना-2 की पुलिस को सूचित किया गया जिसके बाद थाना नं. 2 की पुलिस मौके पर पहुंची व मामले की जांच की। थाना नं. 2 के ए.एस.आई. बलविन्द्र सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि घायल विक्रमजीत पी.टी.यू. में काम करता है व अपने एक दोस्त के साथ किसी जगह से वापस आ रहा था। विक्रम का साथी पीछे बैठा था। दोनों ने शराब पी रखी थी। विक्रम का दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसने पुलिस को बताया कि उसे खुद नहीं पता चला कि रात को हादसा कैसे हुआ। विक्रम के अनफिट होने के कारण पुलिस उसके बयान कलमबद्ध नहीं कर पाई। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News