...जब सिविल अस्पताल में डिलीवरी करते डाक्टर हो गई बेहोश

punjabkesari.in Monday, Nov 13, 2017 - 07:45 AM (IST)

अमृतसर (दलजीत) : जलियांवाला बाग मैमोरियल सिविल अस्पताल में एक गायनी डाक्टर डिलीवरी करवाते समय बेहोश होकर गिर गई। यह तो गनीमत थी कि दूसरी गायनी डाक्टर ने उसी वक्त डिलीवरी की प्रक्रिया को पूरा करा दिया। जानकारी के अनुसार गायनी वार्ड के लेबर रूम में डा. जसमिन्द्र कौर एक गर्भवती महिला की डिलीवरी करवा रही थी। अचानक उन्हें चक्कर आया और वह बेहोश हो गईं। ऐसी स्थिति में ओ.पी.डी. में गर्भवती महिलाओं की जांच कर रही डा. अनुप्रीत कौर तुरंत ऑप्रेशन थिएटर में पहुंचीं।

अस्पताल का स्टाफ डा. जसमिन्द्र को गायनी वार्ड में ही ट्रीटमैंट देकर होश में लाया। हालत ठीक होने पर डा. जसमिन्द्र ने गायनी वार्ड में बैठ कर ही गर्भवती महिलाओं की जांच शुरू की। हालांकि इस दौरान ओ.पी.डी. में आने वाली गर्भवती महिलाएं डाक्टर को न पाकर परेशान दिखीं। यहां उल्लेख करना जरूरी है कि सिविल अस्पताल में गायनोकॉलोजिस्ट की कमी के कारण गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब में सर्वाधिक डिलीवरी करने के लिए सिविल अस्पताल को प्रदेश का नंबर-वन अस्पताल घोषित किया जा चुका है, लेकिन यहां 2 गायनी डाक्टर ही कार्यरत हैं।

तीसरी डाक्टर को स्वास्थ्य विभाग ने ई.एस.आई. अस्पताल से डैपुटेशन पर सिविल अस्पताल में लगाया है। यही 3 डाक्टर एक माह में 500 से अधिक डिलीवरी करवा रही हैं। ऐसे हालात में डाक्टरों को भारी मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है। गायनी डाक्टरों की कमी का मामला शुक्रवार को सिविल अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री ब्रह्म मोहिन्द्रा के सम्मुख भी लाया गया था। इस दौरान विभाग की सैक्रेटरी अंजलि भांवरा ने सिविल सर्जन डा. नरिन्द्र कौर को निर्देश दिए थे कि वह अमृतसर में एम.डी. गायनोकॉलोजिस्ट को ढूंढें व वाक-इन-इंटरव्यू लेकर उनकी नियुक्ति कर सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News