लोहड़ी के त्यौहार पर पतंगबाजी को लेकर विवाद

punjabkesari.in Thursday, Jan 18, 2018 - 11:08 AM (IST)

अमृतसर(संजीव): लोहड़ी के त्यौहार पर पतंगबाजी को लेकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टकराव की स्थिति बनी, जिसमें कहीं तोड़-फोड़ हुई तो कहीं झगड़े दौरान कई युवक घायल हुए। जिला पुलिस ने डी.जे. की आवाज व पतंग कटने पर हुए विवाद के तीन मामले दर्ज किए हैं। 

गली में शोर मचाने के आरोप में 4 पर केस दर्ज 

गिन्नी रामपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका परिवार पड़ोस में रहते डाक्टर जतिन्द्र सिंह के साथ मिलकर घर में लोहड़ी का त्यौहार मना रहा था। इस दौरान शिव कुमार शिवा निवासी बटाला रोड अपने 3 अज्ञात साथियों के साथ गली में शोर मचा रहा था। जब उसने आरोपियों को ऐसा करने से रोका तो वे हथियारों से लैस हो जबरी उसके घर में दाखिल हो गए और जमकर तोड़ फोड़ की। उसके विरोध करने पर आरोपी घर से बाहर निकले और वहां खड़ी उसके दोस्त की कार का शीशा तोड़ फरार हो गए। 

डी.जे. पर अश्लील गाने चलाने व माइक पर अभद्र भाषा बोलने के आरोप में 12 पर केस दर्ज 
डी.जे. पर अश्लील गाने चलाने व माइक पर अभद्र भाषा बोलने के मामले में थाना सदर की पुलिस ने कुनाल रामपाल निवासी न्यू जवाहर नगर, कुनाल बजाज व उनके 10 अज्ञात साथियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है। सन्नी रावत ने बताया कि वह अपने पड़ोस वालों के साथ लोहड़ी का त्यौहार मना रहा था और आरोपी अपने घर की छत्त पर डी.जे. लगा पतंगे उड़ा रहे थे। जब आरोपियों द्वारा माइक पर अभद्र भाषा बोली गई तो उनके रोकने पर आरोपी भड़क उठे और जबरी उनके घर में दाखिल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने पहले तो तोड़-फोड़ की और फिर उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। जब उसका दोस्त गुरप्रीत सिंह उसे बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी घायल कर दिया। 

घर की तोड़-फोड़ करने के आरोप में केस दर्ज    
ज्योति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लोहड़ी के त्यौहार पर उसकी आंटी अपने बेटे अनिल व अनु के साथ उनके घर पर आई हुई थी। दोपहर में बच्चे घर की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इस दौरान डिंपल सिंह, बलविन्द्र सिंह निवासी इन्द्रा कालोनी, आकाश, संदीप, साहिल गिल, सिकंदर, काशी मॉडल, चंदा, सामा व उनके 8 अज्ञात साथी, जो अपनी छत पर पतंग उड़ा रहे थे, की पतंग उनकी छत पर आ गई और अनु ने उसकी डोर काट डाली। इसी रंजिश में सभी आरोपी हथियारों से लैस हो आए और जबरी उसके घर में दाखिल हो गए। इस दौरान आरोपियों ने घर की तोड़-फोड़ की और उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने उक्त तीनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News