15 लाख से अधिक पुरानी करंसी सहित 5 काबू

punjabkesari.in Sunday, Apr 30, 2017 - 11:52 AM (IST)

जालंधर/करतारपुर (प्रीत, साहनी): भारत सरकार द्वारा पुरानी करंसी को नई में तबदील करवाने का निर्धारित समय निकल जाने के बावजूद आज भी लोगों के पास लाखों रुपए की पुरानी करंसी जमा है। जालंधर देहात पुलिस ने आज ट्रैप लगाकर जालंधर के ही 5 लोगों को काबू किया है, जिनके पास से 15 लाख 77 हजार रुपए की पुरानी करंसी बरामद की गई है। गिरफ्तार लोग पुराने 1 लाख रुपए के बदले 20 हजार रुपए लेने जा रहे थे। जालंधर देहात के एस.एस.पी. गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि थाना मकसूदां के एस.एच.ओ. बिक्रम सिंह को सूचना मिली थी कि जालंधर में कई लोगों के पास पुरानी करंसी पड़ी हुई है जिसे वह नई करंसी में तबदील करवाना चाहते हैं।

सूचना मिलने पर डी.एस.पी. करतारपुर सर्वजीत सिंह राय के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैप लगाया जिसमें जालंधर के 5 लोग फंस गए। उक्त लोगों को कहा गया कि पुरानी करंसी के 1 लाख रुपए के एवज में 20 हजार रुपए दिए जाएंगे। इस पर 5 लोग पुलिस के ट्रैप में फंस गए और पुलिस टीम ने 5 लोगों-नीरज पुत्र मोहिन्द्र पाल वासी बस्ती शेख, हर्ष पुत्र गंगा राम वासी रैणक बाजार, अमृतपाल पुत्र जगतार सिंह वासी ग्रीन एवेन्यू, बलविन्द्र सिंह उर्फ बिन्दर पुत्र गुरबख्श सिंह वासी ईशपुर, सुरिन्द्र कुमार पुत्र राम लुभाया वासी बस्ती शेख को काबू कर लिया। एस.एस.पी. भुल्लर के मुताबिक सुरिन्द्र के पास से 2.77 लाख रुपए तथा हर्ष, अमृतपाल व नीरज के पास से पुलिस ने 13 लाख के पुराने 1000 व 500 के नोट बरामद किए।

पता चला है कि हर्ष का ज्योति चौक के निकट कपड़े का कारोबार है तथा नीरज बस्तीयात इलाके में ज्यूलरी का काम करता है जबकि सुरेन्द्र तथा अमृतपाल प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं और बलविन्द्र का अहाता है। पांचों से 15 लाख 77 हजार की पुरानी करंसी बरामद कर उनके खिलाफ धारा 102 सी.आर.पी.सी. के अधीन कार्रवाई कर जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News