भाजपा के बारे में सच्चाई बोलने पर मीडिया सैल संयोजक से छीना पद

punjabkesari.in Saturday, Mar 25, 2017 - 09:09 AM (IST)

जालंधर(पाहवा): पंजाब विधानसभा चुनावों में हार के लिए पंजाब भाजपा ही जिम्मेदार है। इस मामले में मीडिया में मुंह खोलने के चलते पंजाब भाजपा के मीडिया संयोजक जनार्दन शर्मा को पद से मुक्त कर दिया गया है। दिलचस्प है कि शर्मा की तरफ से कही गई बातें काफी हद तक सही थीं। उन बातों पर मंथन करने की बजाय पार्टी ने शर्मा को ही बाहर कर दिया है। जानकारी के अनुसार पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा का ग्राफ गिरने पर चिंता व्यक्त करते हुए जनार्दन शर्मा ने कहा था कि एक तरफ जहां देश भर में भाजपा का परचम लहरा रहा है, वहीं पंजाब में गठबंधन के चलते हार का सामना करना पड़ा है। जहां देश भर के 4 अन्य प्रदेशों में भाजपा के जनाधार में अत्यधिक बढ़ौतरी हुई है, वहीं पंजाब में जनाधार घटा है। 

शर्मा ने पार्टी नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए कहा था कि अब समय केवल दिखावटी चिंतन-मंथन करने का नहीं बल्कि संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से ठीक दिशा देने का है ताकि भाजपा का जनाधार बाकी प्रदेशों की तरह बढ़ सके। शर्मा का आरोप था कि पिछले 10 वर्षों से सत्ता में रही गठबंधन सरकार ने अपनी विश्वसनीयता इस कद्र खो दी थी कि उसका परिणाम शर्मनाक हार के रूप में हमारे सामने है। भाजपा नेताओं की अपने ही संगठन के कार्यकत्र्ताओं से दूरी भी पराजय का कारण बनी। उन्होंने कहा था कि कार्यकत्र्ता जोकि संगठन की रीढ़ की हड्डी होते हैं, उनकी नेताओं के प्रति उदासीनता भी हार का अंतर बढ़ा गई। सत्ताधारी नेताओं के आपसी मतभेद, पार्टी को एक प्राइवेट कंपनी की तरह चलाना भी एक बड़ी समस्या बन गया था। 

शर्मा ने यह भी कहा था कि भाजपा ने हरियाणा, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश में अपने बलबूते पर प्रचंड लोकतांत्रिक समर्थन पाने के चलते अपनी साख को सुदृढ़ किया है, परंतु पंजाब में हाईकमान से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद भी अपने बलबूते पर चुनाव लडऩे का फैसला नहीं ले पाए। भाजपा के कुछ निर्णयों में जनभावना की अवहेलना के चलते देश भर में हाशिए पर जा रही कांग्रेस पंजाब में सशक्त जनाधार प्राप्त करने में सफल रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News