अाप के गढ़ दिल्ली में कैप्टन अमरेन्द्र का होगा अभिनंदन

punjabkesari.in Friday, Mar 24, 2017 - 04:31 PM (IST)

जालन्धर (धवन):  आम आदमी पार्टी के दिल्ली गढ़ में कांग्रेस द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह का नागरिक अभिनंदन करने का फैसला किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधीने स्वयं अपने फेसबुक खाते में इसका उल्लेख किया है। राहुल ने कहा है कि कैप्टन अमरेन्द्र सिंह 30 मार्च को नागरिक अभिनंदन के लिए दिल्ली में होंगे तथा उनका दिल्ली में स्वागत है। 

कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि दिल्ली में नगर निगम के चुनाव अप्रैल मध्य में होने जा रहे हैं। इसे देखते हुए कांग्रेस आम आदमी पार्टी केसामने कैप्टन का चेहरा पेश करना चाहती है। पंजाब में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को चुनाव में पटखनी दी थी। कांग्रेस समझती है कि उसके लिए यह सुनहरी अवसर है जब वह नगर निगम चुनाव जीत कर राजधानी में अपना परचम लहरा सकती है। कैप्टन से कल दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने भी मुलाकात की थी तथा उन्हें कहा था कि वह दिल्ली में नगर निगम चुनाव में कांग्रेस की मदद करे। 

कैप्टन ने दिल्ली के कांग्रेसी नेताओं को भरोसा दिया है कि वह दिल्ली में पार्टी की मदद करेंगे तथा पार्टी द्वारा आयोजित की जाने वाली बड़ी रैलियों में भाग लेंगे। दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से सत्ता छीनी थीइसलिए अब कांग्रेस दिल्ली नगर निगम में वापसी करना चाहती है परन्तु दिल्ली में भी कांग्रेस को त्रिकोणीय टक्कर का सामना करना पड़ेगा। दिल्ली में भाजपा भी पूरा जोर लगाएगी इसीलिए कांग्रेस कैप्टन रूपी सिख चेहरे को पंजाबी लोगों के सामने रख कर उनका समर्थन लेना चाहती है। पंजाब में कैप्टन रूपी चेहरे ने मतदाताओं को काफी प्रभावित किया जिसे देखते हुए राहुल गांधी चाहते हैं कि कैप्टन के चेहरे को दिल्ली चुनावों में भुनाया जाए। दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे तो दूसरी ओर कांग्रेस के कार्पोरेशन चुनाव में खड़े हो रहे उम्मीदवारों की ओर से कैप्टन अमरेन्द्र सिंह को प्रचार के लिए भेजने की मांग तेज हो गई है। 
   
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News