कैप्टन अमरेंद्र किसान आत्महत्याओं के गलत आंकड़े पेश कर रहे: खैहरा

punjabkesari.in Wednesday, Sep 20, 2017 - 01:28 AM (IST)

चंडीगढ़(शर्मा): नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह पर किसान आत्महत्याओं के गलत आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन का यह प्रयास राज्य के किसानों के साथ भद्दा मजाक है। 

मंगलवार को पत्रकारवार्ता में खैहरा ने कहा कि विरोधी पक्ष में रहते हुए कै. अमरेंद्र आंकड़ों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने के लिए बादलों की नुक्ताचीनी करते थे परंतु अब वह खुद ऐसे कामों में आगे हो गए हैं। खैहरा ने कहा कि वह इस बात से भी हैरान हैं कि कै. अमरेंद्र ने अपनी साख बचाने को 6 माह के दौरान हुई किसान आत्महत्याओं की संख्या को कम कर बताया है। कै. अमरेंद्र की ओर से कर्ज माफी के वायदे से भागने से खफा हुए किसानों द्वारा पटियाला स्थित उनके घर का घेराव करने से पहले ही उनको गिरफ्तार करने की कार्रवाई की निंदा करते हुए खैहरा ने कहा कि कै. अमरेंद्र किसान आत्महत्याओं का कोई पुख्ता हल निकालने की बजाय किसानों पर जुल्म कर रहे हैं। 

उनका कहना था कि लोगों में भ्रम पैदा करने और उनको मुद्दे से भटकाने का प्रयास हो रहा है। कै. अमरेंद्र को किसान आत्महत्याओं के मामले में खुली बहस की चुनौती देते हुए खैहरा ने कहा कि कै. अमरेंद्र यह साबित करें कि उनकी ओर से पेश किए आंकड़े झूठे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कै. अमरेंद्र अपनी सुविधा अनुसार समय और स्थान बताकर बहस करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News