गुरदासपुर लोकसभा उप-चुनाव, पंजाब कांग्रेस के प्रधान जाखड़ को मैदान में उतारने के इच्छुक हैं कैप्टन

punjabkesari.in Tuesday, Jul 25, 2017 - 09:26 AM (IST)

पटियाला(राजेश): बॉलीवुड सितारे और गुरदासपुर से भाजपा के लोकसभा एम.पी. विनोद खन्ना की मौत के बाद खाली हुई लोकसभा सीट पर उम्मीदवार उतारने के लिए कांग्रेस पार्टी की तरफ से काफी कोशिशें की जा रही हैं। प्रदेश में कांग्रेस सरकार होने के कारण पार्टी हर हाल में यह चुनाव जीतना चाहती है, जिससे सरकार के पहले साल में ही पार्टी को हार का मुंह न देखना पड़े।


सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह इस सीट पर पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ को चुनाव मैदान में उतारने के इच्छुक हैं। इस संबंधी उनकी जाखड़ के साथ बात भी हुई है परंतु विधानसभा चुनाव हारने से सहमे जाखड़ ने अभी तक इस लिए ‘हां’ नहीं कही। कांग्रेस इस सीट पर हैवीवेट उम्मीदवार उतारना चाहती है क्योंकि अकाली-भाजपा गठजोड़ भी इस सीट को जीत कर यह साबित करने की कोशिश करेगा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार से लोगों का मोह भांग हो गया है।  इसी कारण कै. अमरेंद्र सिंह जाखड़ जैसे बड़े चेहरे को इस सीट से उतारना चाहते हैं। 


दूसरी तरफ बटाला से विधानसभा चुनाव हारे अश्विनी कुमार सेखड़ी भी लोकसभा चुनाव लडऩे के इच्छुक हैं परंतु स्थानीय राजनीतिक खेमेबाजी के कारण एक बड़ा ग्रुप सेखड़ी का विरोध कर रहा है। यदि कांग्रेस पार्टी जाखड़ को चुनाव मैदान में उतारती है तो कांग्रेस के समूचे एम.एल.ए. एकजुट होकर जाखड़ के लिए काम कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार दूसरी तरफ भाजपा भी हर हालत में यह सीट जीतना चाहती है। 


जी.एस.टी. लागू होने के बाद वह यह सीट जीतकर यह संदेश देना चाहती है कि देश के लोग भाजपा के जी.एस.टी. के फैसले के साथ सहमत हैं। अलग-अलग कारणों के चलते पंजाब की सत्ता पर काबिज कांग्रेस और देश की सत्ता पर काबिज भाजपा के लिए यह सीट अहम मानी जा रही है। भाजपा विनोद खन्ना की तरह ही किसी बॉलीवुड स्टार को चुनाव मैदान में उतार सकती है जिससे ग्लैमर का फायदा लेकर चुनाव जीता जा सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News