जानिए क्यों हुआ भाजपा नेताओं पर केस दर्ज...

punjabkesari.in Friday, Feb 10, 2017 - 09:47 AM (IST)

फगवाड़ा (जलोटा): शहर में घटे गंभीर घटनाक्रम में गत देर रात थाने के बाहर रोष धरना देकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेताओं व उनके साथियों के खिलाफ विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत पुलिस केस दर्ज होने की सूचना मिली है। पुलिस केस में नगर कौंसिल फगवाड़ा के पूर्व प्रधान बलभद्रसेन दुग्गल, उनके भाई हरिकृष्ण दुग्गल व साथी समर्थक , जिनकी संख्या 50 के करीब बताई गई है, शामिल हैं।

थाना सतनामपुरा में कार्यरत मुख्य मुंशी परमिन्द्र सिंह व एस.एच.ओ. सुलक्खन सिंह ने खुलासा किया है कि आरोपी बलभद्रसेन दुग्गल, उनके भाई हरि कृष्ण दुग्गल एवं उनके साथ थाने के बाहर मौजूद रहे उनके करीब 40-50 समर्थकों ने कथित तौर पर पुलिस थाने में घुसकर अकारण हंगामा किया। आरोपियों ने मुंशी परमिन्द्र सिंह के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस की ड्यूटी में विघ्न डाला। आरोपी थाने में पड़ा टेबल उठाकर बाहर ले गए और थाने के गेट को कथित तौर पर बाहर से बंद कर दिया। इसके अलावा आरोपियों ने एस.एच.ओ. सुलक्खन सिंह, थाना के स्टाफ व पंजाब पुलिस के खिलाफ  गाली-गलौच और रोष धरना लगाकर हंगामा किया। एस.एच.ओ. सुलक्खन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों बलभद्रसेन दुग्गल, हरि कृष्ण दुग्गल व साथियों के खिलाफ धारा-186, 353 आई.पी.सी. के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

अशोक दुग्गल मामले में नहीं हुई कोई गिरफ्तारी 
शहर के बहुचर्चित अशोक दुग्गल मामले में पुलिस थाना सतनामपुरा की टीम ने किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। पंजाब केसरी से वार्तालाप में मंडल भाजपा फगवाड़ा के प्रधान पंकज चावला ने बताया कि प्रकरण को लेकर वह अन्य भाजपा नेताओं सहित डी.आई.जी. जालंधर रेंज राजिन्द्र सिंह से मिले थे जिनके आदेश पर मामले की जांच एस.एस.पी. कपूरथला को सौंपी गई है। मामले में न्याय मिलने तक वह अपने साथी भाजपा नेताओं के साथ डटकर खड़े हैं और सदैव खड़े रहेंगे। 

पुलिस थाने के बाहर हंगामा करने वालों व ड्यूटी में खलल डालने वालों पर एफ.आई.आर. दर्ज कर दी गई है व उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटनाक्रम के दौरान पुलिस थाना सतनामपुरा का मेन गेट बंद होने के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। फगवाड़ा सहित जिलेभर में गुंडागर्दी किसी भा कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अलका मीणा, एस.एस.पी. कपूरथला 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News