केंद्र गुजरात व हिमाचल में जल्द करवा सकता है चुनाव!

punjabkesari.in Saturday, Mar 25, 2017 - 01:48 AM (IST)

जालंधर(धवन): कांग्रेस ने गुजरात में जल्द विधानसभा चुनाव होने की आहट को देखते हुए संगठन स्तर पर अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसी चर्चाएं चल रही हैं कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में भारी सफलता के बाद भाजपा द्वारा गुजरात में विधानसभा के चुनाव जल्द करवाए जा सकते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने इस संबंध में गुजरात कांग्रेस इकाई को अभी से तैयार रहने के निर्देश दे दिए हैं। गुजरात में उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को शुरू कर दिया गया है। पिछले एक दशक से अधिक समय से कांग्रेस गुजरात में सत्ता से बाहर है। राज्य में कांग्रेसी नेता अलग-अलग धड़ों में बंटे हुए हैं, इसलिए पार्टी नेतृत्व ने इस बार चुनाव से पहले अपने मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान न करने का निर्णय लिया है। 

कांग्रेस द्वारा चुनावों को देखते हुए एन.सी.पी. तथा जद (यू) से तालमेल बिठाने की कोशिशें शुरू कर दी गई हैं ताकि सत्ता विरोधी वोटें बंट न जाएं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राज्य प्रभारी गुरुदास कामत ने इस संबंध में गुजरात कांग्रेस के नेताओं व जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक की है। राज्य की 182 विधानसभा सीटों के लिए 1550 उम्मीदवारों ने कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन किए हैं। 

गुजरात के साथ हिमाचल प्रदेश में भी इस वर्ष के अंत में चुनाव प्रस्तावित हैं परन्तु माना जा रहा है कि गुजरात व हिमाचल के चुनाव केंद्र की भाजपा सरकार जल्द करवा सकती है। गुजरात में इस समय भाजपा की सरकार है तो दूसरी तरफ हिमाचल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार अपने 5वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। पंजाब में कै. अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने के बाद कांग्रेस नेतृत्व महसूस करता है कि इसका लाभ हिमाचल में पार्टी को मिल सकता है। 

हिमाचल में भी कांग्रेस तथा भाजपा के बीच आमने-सामने चुनावी टक्कर होनी है। कांग्रेस के लिए गुजरात तथा हिमाचल दोनों ही महत्वपूर्ण प्रदेश हैं। गुजरात में कांग्रेस, भाजपा तथा आम आदमी पार्टी तीनों के बीच त्रिकोणीय टक्कर होगी परन्तु फिर भी गुजरात तथा हिमाचल दोनों ही प्रदेश कांग्रेस के लिए अहमियत रखते हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News