पगडिय़ों की बेअदबी के लिए कांग्रेस मांगे माफी : संत ज्ञानी हरनाम सिंह

punjabkesari.in Saturday, Jun 24, 2017 - 12:04 PM (IST)

अमृतसर  (पुरी): दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा ने कहा कि लोकतांत्रिक नैतिक मूल्यों की धज्जियां उड़ाते हुए विरोधी विधायकों की पगडिय़ां उतारने और महिलाओं से किए गए दुर्व्यवहार जैसे गुनाह के लिए कांग्रेस पार्टी को पश्चाताप करने और स्पीकर को अपनी तरफ से की गई तौहीन के लिए पंजाब के लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

 

दमदमी टकसाल के प्रमुख ने कहा कि सिख कौम ने पगड़ी की सलामती के लिए विश्व स्तर पर बड़ा संघर्ष किया जो आज भी अलग-अलग देशों में निरंतर जारी है, परंतु पंजाब में कांग्रेस ने अलोकतांत्रिक और तानाशाही रवैया अपनाकर विरोधी विधायकों की पगडिय़ां, ककारों की बेअदबी करते हुए कल विधानसभा को जैसे मुर्गे लड़ाने वाला अखाड़ा बना दिया, वह दुखदायी और निंदा के योग्य है। 

 

संत हरनाम सिंह खालसा ने कहा कि पंजाब विधानसभा में ही सिखों के धार्मिक चिन्हों के हुए अपमान से सिखों की छवि पर बुरा प्रभाव पड़ा है और विश्व में गलत संदेश भी गया है इसलिए कल का दिन लोकतंत्र के इतिहास में काले अक्षरों के साथ लिखा और याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाबियों और सिखों की तौहीन करने की शर्मनाक कोशिश को जैसे अंजाम दिया, उसने समूचे सिख भाईचारे के मन को गहरी ठेस पहुंचाई है। उन्होंने विरोधी धड़े को भी संयम और बुद्धिमत्ता से अपनी आवाज बुलंद करने की सलाह दी और कहा कि वे राज्य और अपने क्षेत्र के भविष्य के लिए अपना पक्ष रखते हुए रचनात्मक भूमिका अदा करने पर ध्यान दें। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News