काऊंटर इंटैलीजैंस और BSF ने सीमा पर बरामद की हैरोइन

punjabkesari.in Sunday, Jan 21, 2018 - 02:27 AM (IST)

फिरोजपुर(कुमार,मल्होत्रा): फिरोजपुर काऊंटर इंटैलीजैंस की पुलिस ने 2 कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनसे 310 ग्राम हैरोइन और 3 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद हुई है, जबकि एक कथित तस्कर पुलिस को देखकर फरार हो गया, जिसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तरफ से छापेमारी की जा रही है। 

जानकारी देते हुए ए.आई.जी. काऊंटर इंटैलीजैंस फिरोजपुर नरिन्द्रपाल सिंह सिद्धू ने बताया कि पकड़ी गई हैरोइन की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपए है। फिरोजपुर में आयोजित पत्रकार सम्मेलन के दौरान नरिन्द्रपाल सिंह सिद्धू ने यह जानकारी दी। इसी तरह एक अन्य मामले में अंतर्राष्ट्रीय भारत-पाक सीमा पर सर्च ऑप्रेशन के दौरान सीमा सुरक्षा बल ने प्लास्टिक की बोतल में भरी आधा किलोग्राम हैरोइन बरामद की है। डी.आई.जी. बी.एस.एफ. बी.एस. राजपुरोहित ने बताया कि सर्दी के मौसम में धुंध व कोहरे के मद्देनजर बॉर्डर पर विशेष एहतियात बरती जा रही है और निरंतर सर्च ऑप्रेशन चलाए जा रहे हैं। 

उन्होंने बताया कि इसी क्रम में शनिवार सुबह जे.एन. मोहम्मद चैकपोस्ट पर 77 बटालियन के जवानों द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑप्रेशन के दौरान भूमि के नीचे प्लास्टिक की बोतल में छिपा कर रखी हुई हैरोइन बरामद की गई। उन्होंने बताया कि बरामद हैरोइन का वजन 500 ग्राम है और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत अढ़ाई करोड़ रुपए आंकी जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News