फेसबुक पर लाइव वीडियो डाल बसपा नेता के बेटे ने कर ली खुदकुशी

punjabkesari.in Saturday, Nov 11, 2017 - 08:20 AM (IST)

जालंधर  (महेश) : फेसबुक पर लाइव वीडियो डालने के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता के 25 वर्षीय बेटे ने अपनी प्रेमिका से दुखी होकर शुक्रवार को दोपहर 1 से 2 बजे के बीच खुदकुशी कर ली। ढिलवां निवासी मृतक विनय कुमार पुत्र गोपाल चंद का शव उसकी इंगलैंड रहती बुआ के अरमान नगर (दकोहा) स्थित घर में छत से लटकता हुआ मिला है। विनय के सुसाइड करने की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी के प्रभारी राजेश ठाकुर, दकोहा (नंगल शामां) पुलिस चौकी के प्रभारी रविन्द्र कुमार व ए.एस.आई. कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और विनय के शव को  कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। 


मृतक के पिता गोपाल चंद बसपा नेता ने पुलिस को बताया कि अरमान नगर में उसकी बहन की कोठी है जोकि इंगलैंड में रहती है और कोठी की देख-रेख उनके पास है। आज उसका बेटा विनय वहां गया था। 12 बजे के करीब उसकी मां ने उसे फोन किया तो उसने कहा कि वह थोड़ी देर के बाद घर आ जाएगा। 1 बजे के करीब किसी ने सूचित किया कि उसके बेटे विनय ने फेसबुक पर अपनी जीवन लीला समाप्त करने को लेकर अपनी लाइव वीडियो डाली हुई है, जिसके बाद वह कोठी पहुंचा और देखा कि कमरा अंदर से बंद था। खिड़की से देखा तो विनय का शव छत से लटक रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। विनय के मुताबिक उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर आई.पी.सी. की धारा 306 के तहत थाना रामा मंडी में केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश की जा रही है। शनिवार को सुबह मृतक का पोस्टमार्टम होगा।

 

बहरीन व दोहा कतर से आया था विनय
करीब 1 साल पहले ही मृतक विनय कुमार बहरीन व दोहा कतर से आया था। उसके शौक को पूरा करने के लिए उसके पिता ने उसे एक कार भी लेकर दे रखी थी। अब वह ढिलवां में ही अपने माता-पिता के पास रहता था। उसकी 4 बहनें और एक भाई है। 3 बहनों की शादी हो चुकी है। बड़ा भाई मानसिक तौर पर परेशान रहता है। एक छोटी बहन अभी कुंवारी है। घर के लोग उसकी हर इच्छा को पूरा करते थे।  

 

सोनिया नामक लड़की से थे उसके प्रेम संबंध
मृतक विनय कुमार के सोनिया नामक लड़की के साथ प्रेम संबंध थे लेकिन कुछ समय पहले वह दीप नामक युवक से शादी करवाने को राजी हो गई थी जिस पर विनय परेशान रहता था और सोनिया को कोसता हुआ कहता था कि उसने उसे प्यार में धोखा दिया है। उसने फंदा लगाने से पहले बुआ के घर अपनी बनाई वीडियो में भी कहा है कि उसकी मौत के लिए सोनिया व दीप ही जिम्मेदार होंगे। लड़की बङ्क्षडग़ की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच किए बिना कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

मृतक का मोबाइल भी पुलिस के कब्जे में
थाना रामा मंडी की पुलिस ने घटना स्थल से मिले विनय के मोबाइल को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक के पिता के अनुसार पुलिस द्वारा कब्जे में लिए गए उसके बेटे के मोबाइल पर उसकी प्रेमिका सोनिया के साथ भी कई फोटो हैं। पता चला है कि पुलिस मोबाइल से काल डिटेल निकलवाने जा रही है ताकि सोनिया व विनय में होती बातों के बारे में पता लगाया जा सके। इससे पुलिस को और भी सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News