खुद को नवजोत सिंह सिद्धू का पी.ए. बता लोगों से ठगी करने वाला गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Jun 19, 2017 - 04:22 PM (IST)

अमृतसरः खुद को कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का पी.ए. और कई बड़े नेताओं के साथ संबंध होने के बात कहकर लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने वाले नारायणगढ़ निवासी सतनाम सिंह सेखों को थाना छेहर्टा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ फिलहाल एक ही शिकायतकर्ता सामने आया है, जिससे इसने 30 हजार रुपए की ठगी की है, जबकि खुद आरोपी पुलिस के समक्ष मान चुका है कि उसने अभी तक बहुत सारे लोगों को अपने झांसे में लिया है। थाना छेहर्टा के प्रभारी रविंदरपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है और बनती कार्रवाई शुरु कर दी है।


 

यह है मामला 

आरोपी को 2014 में पुलिस ने किसी मामले में गिरफ्तार किया था और उसे गुरदासपुर जेल में भेज दिया था। वहां पर आरोपी की मुलाकात बटाला रोड निवासी गुरप्रीत सिंह के साथ हो गई। गुरप्रीत सिंह कत्ल के केस में जेल में बंद था। आरोपी ने उसे झांसा दिया कि उसके कई मंत्रियों के साथ संबंध है। उसकी पूरी फाइल तैयार है और वह जल्द ही नवजोत सिंह सिद्धू का पी.ए. लग जाएगा।

 

आरोपी ने झांसा दिया कि वह बड़ी आसानी के साथ गुरप्रीत का केस भी खत्म करवा सकता है। इसके बदले में उसने 40 हजार रुपए की मांग की। जेल से जमानत पर आने के बाद गुरप्रीत ने आरोपी के साथ संपर्क किया। आरोपी अक्सर गुरप्रीत को लेकर चंडीगढ़ जाता रहा। एक-दो बार विधानसभा में भी ले गया। इसी प्रभाव के तहत गुरप्रीत ने आरोपी को 30 हजार रुपए दे दिए, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी आरोपी गुरप्रीत को केवल बाते ही करता रहा। इसके तहत गुरप्रीत ने थाना छेहर्टा पेश होकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई आरोपी को गिरफ्तार किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News