कर्ज माफी के नाम पर किसानों से धोखा कर रही सरकार: मलूका

punjabkesari.in Monday, Mar 12, 2018 - 11:00 PM (IST)

जालंधर: शिरोमणि अकाली दल की किसान इकाई के अध्यक्ष सिकंदर सिंह मलूका ने कहा है कि कृषि कर्ज माफी के नाम पर पंजाब सरकार किसानों से धोखा कर रही है। 

मलूका ने सोमवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनावों से पूर्व कांग्रेस ने किसानों और कृषि मजदूरों से वादा किया था कि वह उनके हर प्रकार के कर्ज माफ करेगी लेकिन सत्ता में आने के एक वर्ष पश्चात भी सरकार अपना वादा पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों के कुल 90 हजार करोड़ रुपए के कर्ज हैं लेकिन सरकार ने महज 1500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। 

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जिन किसानों के कर्ज माफ किए हैं, उन्हें भी अभी तक इसके प्रमाण पत्र नहीं मिले हैं। इसके अलावा सरकार ने कृषि मजदूरों के कर्ज बिल्कुल भी माफ नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूर्ण कर्ज माफी का वायदा किया था लेकिन अब केबल दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ कर किसानों से धोखा किया जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि वह जालंधर के अकाली नेताओं के साथ किसान विंग के सभी नेता 14 मार्च को नकोदर में पंजाब के मुख्य मंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को मांग पत्र देकर पूर्ण कर्ज माफी की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे कर्ज माफ नहीं किए जाते किसान विंग मुख्य मंत्री के प्रत्येक कार्यक्रम में पहुंच कर उन्हें मांग पत्र सौंपेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News