बंपर जीत पर बोले जाखड़, कहा-'अकाली दल के पतन की शुरुआत'

punjabkesari.in Sunday, Oct 15, 2017 - 04:15 PM (IST)

गुरदासपुर/ चंडीगढ़(भाषा): गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव में भारी जीत हासिल करने के बाद कांग्रेसी उम्मीदवार सुनील जाखड़ ने कहा कि यह अकाली-भाजपा के लिए एक चेतावनी है। 


सुखबीर बादल के नेतृत्व में अकाली दल टूटने के कगार पर
जाखड़ ने अपनी जीत के बाद कहा," भाजपा को अब भविष्य में मिलने वाली असफलताओं का अनुमान लगा लेना चाहिए।’’  उन्होंने कहा, "लोगों ने भाजपा को नकारा है और साथ ही उनके सहयोगी अकाली दल को भी आईना दिखाया है।’’  उन्होंने कहा कि अकाली दल का सफाया छह महीने पहले ही हो गया था जब पंजाब विधानसभा चुनावों में उन्हें तीसरा स्थान मिला था।  उन्होंने कहा,"अब, मेरे ख्याल से इससे (गुरदासपुर में कांग्रेस की जीत) शिरोमणि अकाली दल के पतन की शुरुआत हो चुकी है क्योंकि पिछले छह महीने से किसी ने भी प्रकाश सिंह बादल को नहीं देखा है। सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में अकाली दल टूटने के कगार पर है। मेरे विचार से पूरी पार्टी में नए नेतृत्व के तहत सुधार किया जाएगा।’’  


लोगों ने कैप्टन के नेतृत्व में फिर से भरोसा दिखाया
एक सवाल के जवाब में जाखड़ ने कहा कि सुखबीर बादल और अकाली दल के अन्य नेता शुरू से ही कह रहे थे कि गुरदासपुर उपचुनाव, छह महीने पुरानी कांग्रेस सरकार पर एक जनमत संग्रह होगा। जाखड़ ने कहा "अब, सुखबीर को अपने शब्दों पर अफसोस होगा। अब अकाली दल के लोग कहां जाएंगे और कहां अपना चेहरा छिपाएंगे, लोगों ने अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में फिर से भरोसा दिखाया है और साथ ही नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया है।’’  गुरदासपुर में इस जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता ‘लड्डू’ बांटकर जश्न मना रहे हैं जबकि कुछ कार्यकर्ताओं को झूमते हुए देखा जा सकता है।   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News