जीत के बाद राहुल गांधी से मिले जाखड़, पार्टी की कमान संभालने का किया अनुरोध

punjabkesari.in Tuesday, Oct 17, 2017 - 08:04 PM (IST)

नई दिल्ली/चंडीगढ़: गुरदासपुर लोकसभा सीट से हाल में निर्वाचित कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ ने आज पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी से ‘‘शिष्टाचार’’ भेंट की तथा उनसे अध्यक्ष के रूप में पार्टी की कमान संभालने के बारे में पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रस्ताव को स्वीकार करने का अनुरोध किया। 

 
जाखड़ ने आज यहां मीडिया को बताया कि उन्होंने गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव जीतने के बाद पार्टी उपाध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने इस भेंट में उन्हें पंजाब के कांग्रेस जनों की इस भावना से अवगत कराया कि राहुल को पार्टी अध्यक्ष की कमान संभाल लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पंजाब पीसीसी ने गत 13 अक्तूबर को दो प्रस्ताव पारित किए थे। इसमें एक प्रस्ताव सोनिया गांधी के नाम था जिसमें उनसे राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनाने का ‘‘निवेदन’’ किया गया था। दूसरा प्रस्ताव राहुल गांधी के नाम संबोधित था जिसमें उनसे पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने का अनुरोध किया गया था।   


कांग्रेस में फिलहाल संगठन चुनाव चल रहे हैं तथा पार्टी के केन्द्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मुल्लापल्ली रामचंद्रन कह चुके हैं कि चुनाव प्रक्रिया को इस माह तक पूरा करने की कोशिश की जाएगी। वैसे राहुल भी गत माह अपनी अमेरिका यात्रा में कह चुके हैं कि वह पार्टी प्रमुख की भूमिका स्वीकार करने के लिए तैयार हैं। जाखड़ ने गत 15 अक्तूबर को 1.93 लाख से अधिक वोटों के अंतर से गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव जीता था। गुरदासपुर के सांसद एवं फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के कारण यहां उप चुनाव करवाया गया था। जाखड़ ने कहा कि उन्होंने राहुल को पंजाब आने का न्यौता भी दिया। साथ ही उन्होंने पार्टी उपाध्यक्ष को मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे विभिन्न नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पार्टी के स्तर पर किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News