राष्ट्रपति चुनाव: पंजाब में सिर्फ आप विधायक फुल्का ने नहीं किया मतदान

punjabkesari.in Monday, Jul 17, 2017 - 09:12 PM (IST)

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के एच एस फुल्का पंजाब की 117 सदस्यीय विधानसभा के एकमात्र विधायक थे जिन्होंने सोमवार को राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में मतदान नहीं किया। उधर हरियाणा के सभी 90 विधायकों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। पंजाब में दाखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक फुल्का ने पहले ही घोषणा की थी कि वह राष्ट्रपति पद के लिए कांग्रेस नीत विपक्ष की आेर से संयुक्त प्रत्याशी मीरा कुमार को मत नहीं देंगे क्योंकि वह 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामले लड़ रहे हैं। पंजाब में आप के 20 विधायक हैं। 

आप ने चुनाव में मीरा कुमार को समर्थन देने की घोषणा की है। फुल्का को छोड़कर शेष 116 विधायकों ने मतदान किया। चुनाव अधिकारियों के अनुसार हरियाणा के सभी 90 विधायकों ने मतदान किया। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरैंद्र सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत दोनों राज्यों के विधायकों ने यहां मतदान किए।  मतदान के लिए चुनाव आयोग ने विशेष कलम मुहैया कराई थी। 

एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह भी मौजूद थे। शिअद विधायक और पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा ने एक अन्य मतपत्र की मांग की क्योंकि मतदान के दौरान विशेष कलम उनके हाथ से गिर गई थी और मतपत्र पर कुछ निशान बन गया। पार्टी प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा के अनुसार मत रद्द होने की आशंका के कारण उन्होंने दूसरे मतपत्र की मांग की। चीमा के अनुसार चुनाव अधिकारियों ने अन्य मतपत्र की मांग को खारिज कर दिया। चीमा ने कहा कि उन्होंने राजग उम्मीदवार को मत दिया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News