नशे के लिए पैसे न देने पर पिता की हत्या कर शव जलाया

punjabkesari.in Saturday, Mar 17, 2018 - 07:15 AM (IST)

लुधियाना (महेश): गांव बारणहाड़ा में एक युवक ने नशे के लिए पैसे न देने पर अपने 65 वर्षीय बुजुर्ग पिता की रस्सी से गला घोंट कर नृशंस हत्या कर दी और उसके शव को जलाकर सबूत मिटाने का प्रयास किया। श्री राम मिश्रा का शव नग्न अवस्था में दोपहर को उसकी डेयरी में मिला। पुलिस ने श्रीराम के छोटे बेटे विवेक मिश्रा की शिकायत पर बड़े पुत्र अभिषेक के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज करके उसे काबू कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी की अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। 

सूत्रों का कहना है कि आरोपी पुलिस की हिरासत में है और उससे पूछताछ कर रही है। परंतु अभी तक उसने अपना जुर्म कबूल नहीं किया है। पुलिस ने शव का पंचनामा करके उसे सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दियाहै। आज दोपहर करीब 12 बजकर 45 मिनट पर पुलिस को काल आई कि उक्त गांव में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई जिस पर ए.एस.आई. चन्न सिंह आला अधिकारियों सहित मौके पर पहुंचे। श्रीराम का शव नग्न हालत में पड़ा हुआ था और उसके गले पर रस्सी से दबाए जाने के निशान थे। शव को ज्वलनशील पदार्थ से जलाने के भी निशान थे। उसकी दोनों बाजू और पीठ बुरी तरह से जली हुई थी। उसके कपड़े चारपाई पर पड़े हुए थे। पुलिस को मौके से शराब की एक खाली बोतल भी मिली है। पुलिस को यह पता नहीं चल पाया है कि श्रीराम को जलाने के लिए किस पदार्थ का इस्तेमाल किया गया है। संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि देसी शराब छिड़क कर शव को जलाया गया है। 

ए.एस.आई. ने बताया कि हत्या की सूचना मृतक के बेटे विवेक ने पुलिस को दी थी। जब वह कालेज से लौट कर डेयरी पहुंचा तो मामले का पता चला। परिवार वालों का आरोप है कि श्रीराम की हत्या उनके सबसे बड़े बेटे ने की है जोकि शराब के अतिरिक्त अन्य नशों का आदी है और नशे के लिए पैसों की मांग को लेकर अक्सर झगड़ा करता था। उसने ही तैश में आकर पिता की हत्या कर शव को जला दिया। पुलिस ने बताया कि श्रीराम का परिवार मनदीप नगर में रहता है। उसके तीनों बेटे अभिषेक, विवेक व आदर्श अपनी माता के साथ रहते हैं जबकि श्रीराम का अधिक समय डेयरी पर व्यतीत होता था और अक्सर रात को डेयरी पर ही सो जाता था। खाना-खाने के लिए वह सुबह घर आता था। अभिषेक को छोड़कर बाकी दोनों बेटे अपनी पढ़ाई पूरी कर हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News