नए आदेशों से नहीं रखा जाएगा ठेके पर कर्मचारी एवं न ही नई मंजूरी

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2017 - 11:52 AM (IST)

अमृतसर(रमन): पंजाब सरकार के आदेशानुसार अब पंजाब में कोई भी ठेके पर कर्मचारी नहीं रखा जाएगा, जिसको लेकर सरकार द्वारा नोटीफिकेशन जारी कर दिया गया है। इस संबंधी नगर निगम अमृतसर में पत्र पहुंचने के बाद मुलाजिमों में हड़कंप मच गया। नगर निगम में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या काफी है लेकिन अब सरकार के नए आदेशानुसार आगे ठेके पर नौकरी में किसी को भी बढ़ौतरी नहीं मिलेगी।

इससे कर्मचारियों में रोष पाया जा रहा है, इसको लेकर अधिकारियों द्वारा भी कहा जा रहा है कि किसी भी ठेके पर काम करने वाले कर्मचारी की आगे फाइल दोबारा नहीं बनेगी। ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि चुनावों में कांग्रेस हर घर नौकरी देने का ऐलान कर रही थी, वहीं सत्ता में आने के बाद पंजाब में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारी बिना नौकरी के घर बैठ जाएंगे। उन्होंने बताया कि सरकार इन्हीं मुलाजिमों को पक्का कर दे तो इन मुलाजिमों के घरों के चूल्हे बंद होने से बच जाएंगे। 

120 डी.सी. रेट कर्मचारियों की भी आस टूटी 
नगर निगम में पिछले समय से निकाले गए 120 डी.सी. रेट कर्मचारियों की आस भी इस आदेश से टूट चुकी है। पिछली सरकार के समय पर स्थानीय निकाय विभाग ने 150 डी.सी. रेट कर्मचारियों की भर्ती के लिए इन कर्मचारियों को पहल दी थी, जिसमें 2300 के लगभग कर्मचारियों की वॉक इन इंटरव्यू भी हुई थी लेकिन उसके बाद चुनाव संहिता लग गई, जिससे इंटरव्यू रुक गई, लेकिन अब मौजूदा सरकार ने ठेके पर भर्ती बंद कर दी है व अब वह भर्ती नहीं होगी। 

हो सकते हैं धरने-प्रदर्शन 

सरकार के विभिन्न विभागों में हजारों ठेके पर कर्मचारी काम कर रहे हैं जिसको लेकर कर्मचारियों की जब ठेका आधारित फाइल की मंजूरी खत्म होगी तब उन कर्मचारियों का गुस्सा फूटेगा। हालांकि निगम में पिछले समय में एक यूनियन द्वारा रोष मार्च निकाला गया कि ठेके पर काम करने वालों को पक्का किया जाए। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News