आप्रेशन थिएटर का ए.सी. खराब, फर्राटों के सहारे चलाया जा रहा काम

punjabkesari.in Monday, Jun 05, 2017 - 11:05 AM (IST)

अमृतसर(दलजीत): गुरु नानक देव अस्पताल के आप्रेशन थिएटर का ए.सी. खराब पड़ा है जिस कारण 8 फर्राटा पंखों के सहारे डाक्टर काम करने के लिए मजबूर हैं। जानकारी अनुसार पंजाब सरकार ने गुरु नानक देव अस्पताल के आप्रेशन थिएटर में लाखों रुपए खर्च कर मरीजों की सुविधा के लिए अति-आधुनिक मशीनरी तथा ए.सी. प्लांट लगवाया था। अस्पताल का उक्त आप्रेशन थिएटर पंजाब के सभी सरकारी अस्पतालों में से बड़ा तथा आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है।


पिछले लंबे समय से अस्पताल प्रशासन द्वारा थिएटर पर पर्याप्त ध्यान न देने के कारण थिएटर समस्याओं से घिर गया है। इसमें लगाया गया ए.सी. प्लांट बंद पड़ा है। डाक्टरों द्वारा आप्रेशन के दौरान 8 फर्राटे पंखे लगाकर काम किया जा रहा है। आप्रेशन थिएटर के अधिकारियों द्वारा कई बार उच्चाधिकारियों को ए.सी. प्लांट ठीक करवाने संबंधी कहा गया परन्तु आज तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस थिएटर में आप्रेशन के दौरान उमस इतनी बढ़ जाती है कि डाक्टर पसीने से भीग जाते हैं। डाक्टर कभी पसीना पोंछते हैं तो कभी आप्रेशन करते हैं।

रोज होते हैं दर्जनों आप्रेशन  
गुरु नानक देव अस्पताल में कुल 7 सर्जिकल वार्ड हैं, जिनमें प्रति दिन दर्जनों आप्रेशन होते हैं। आप्रेशन के दौरान कई बार डाक्टरों का पसीना मरीजों के जख्मों पर भी गिर जाता है, जिस कारण इंफैक्शन का खतरा मंडराता रहता है। थिएटर में उमस बढ़ जाने के कारण स्टरलाइज किए गए औजार भी नमी की चपेट में आ जाते हैं। 

कई डाक्टर भी हुए बेहोश 
ए.सी. प्लांट खराब होने के कारण आप्रेशन थिएटर में उमस इतनी बढ़ जाती है कि डाक्टरों को भी बेचैनी होने लगती है। कई डाक्टर बेहोश होकर गिर गए हैं। डाक्टर अपने उच्च अधिकारियों को भी बता चुके हैं कि परन्तु किसी ने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया। जिस कारण जहां डाक्टरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है वहीं आप्रेशन के लिए आए हुए मरीज भी भीषण गर्मी में अपना आप्रेशन करवाने के लिए मजबूर हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News