अनाज घोटाले में पंजाब एग्रो के इंस्पैक्टर समेत 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Aug 20, 2017 - 12:10 PM (IST)

तरनतारन (रमन) : बहु करोड़ी अनाज घोटाले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने पंजाब एग्रो के इंस्पैक्टर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने कुल 10 लोगों को आरोपी बनाया है जबकि मामले से जुड़े 1 आरोपी की मौत हो चुकी है बाकी के आरोपियों की गिरफ्तारी लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।

सब डिवीजन भिखीविंड के डी.एस.पी. एस.एस. मान ने बताया कि थाना भिखीविंड में वर्ष 2014 में अनाज घोटाले में 2 मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों की जांच के लिए 20 मार्च 2014 को पंजाब एग्रो फूड ग्रेन कार्पोरेशन पंजाब के मैनेजिंग डायरैक्टर काहन सिंह पन्नू ने वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया था। उक्त टीम ने पंजाब एग्रो के इंस्पैक्टर पवनप्रीत सिंह के अधिकार क्षेत्र में आने वाले गोदाम पहुंविंड व मनिहाल जय सिंह की जांच करवाई। जांच दौरान पहुंविंड के गोदाम से 4,39,27,566 रुपए की गेहूं गायब पाई गई।

जांच टीम की रिपोर्ट पर पंजाब एग्रो के इंस्पैक्टर पवनप्रीत सिंह खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया गया। इसी तरह मनिहाला जय सिंह के गोदाम से 7,20,20,010 रुपए की गेहूं में हेराफेरी पाई गई। पुलिस ने बहु करोड़ी घोटाले का मुख्य आरोपी इंस्पैक्टर पवनप्रीत सिंह को बनाते हुए 2 मामले दर्ज किए। पवनप्रीत सिंह की पत्नी सुखविंदर कौर ने बार्डर जोन के आई.जी. के समक्ष पेश होकर शिकायत दी कि इस घोटाले में उसके पति को अवैध तौर पर फंसाया गया है। आई.जी. द्वारा करवाई जांच में इंस्पैक्टर पवनप्रीत सिंह के साथ एम.डी. जसवंत राय, टैक्नीकल अफसर बी.एस. रंधावा निवासी गुमटाला रोड भी आरोपी पाए गए। एम.डी. जसवंत राय ने पंजाब हरियाणा हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत मंजूर करवा ली जबकि बी.एस. रंधावा का देहांत हो गया। थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने छापामारी करके पवनप्रीत सिंह, सतनाम सिंह छापा, सुखदेव सिंह पट्टी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कृष्णपाल जज, भारत भूषण लाडू, नीरज धवन, जग्गी धवन पुत्र भूषण धवन निवासी खालड़ा, राकेश राज पल्टा निवासी अमृतसर की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर ले लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News