पावर सब्सिडी का पैसा अब सीधे किसानों के खाते में डालने की तैयारी में सरकार

punjabkesari.in Friday, Dec 15, 2017 - 03:50 PM (IST)

पटियालाः बिजली की खपत कम करने के लिए सरकार पावर सब्सिडी का पैसा अब सीधे किसानों के खाते में डालने की तैयारी कर रही है। इसके लिए जे-पाल नाम के एन.जी.ओ. की सेवाएं ली जा रही हैं, जो फतेहगढ़ साहिब में दो एग्रीकल्चर फीडर पर पायलट प्रोजैक्ट चलाएगा। इसके लिए कैबिनेट की मंजूरी ली जाएगी, जिसका एजैंडा 20 दिसंबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक में पेश किया जाएगा।

 

पावर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि हमारा मकसद न केवल भूजल को बचाना है, बल्कि बिजली की खपत को भी कम करना है। पायलट प्रोजेक्ट चलाकर इसमें कहां खामियां रह सकती हैं, इसके बारे में पता लगाया जाएगा।

 

द अब्दुल लतीफ जमीन पावर्टी एक्शन लैब (जे-पाल) ने इसके लिए पंजाब सरकार से एक साथ एम.ओ.यू. साइन किया है। इस प्रोजैक्ट को किस तरह लागू करना है, इसके बारे में ये रिपोर्ट देंगे।                                                                    

 

इसके लिए फतेहगढ़ साहिब के दो फीडर चुने जाएंगे। जहां सभी ट्यूबवेलों पर पावर विभाग मीटर लगाएगा। किसानों की जमीन, उसकी उगाई जाने वाली फसलें और उनकी सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत के आधार पर एक औसत निकाली जाएगी। इसके बारे में किसानों को बता दिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर यदि एक किसान सौ यूनिट बिजली की खपत करता है, तो उससे कहा जाएगा कि वह इससे कम जितनी भी खपत करेगा, तो बची हुई यूनिटों की राशि उसके खाते में डाल दी जाएगी। बिजली की खपत कम करने के लिए किसान अपनी फसलों को बदलें या फिर खेती करने के पैटर्न को बदले। यही नहीं, इससे भूजल भी बचेगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News