प्रापर्टी विवाद के चलते देवर-देवरानी पर भाभी से मारपीट का आरोप

punjabkesari.in Saturday, May 27, 2017 - 04:03 PM (IST)

लुधियाना(महेश): न्यू सुभाष नगर में प्रापर्टी विवाद के चलते देवर-देवरानी पर अपनी 30 वर्षीय भाभी से कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप लगे हैं। यह भी आरोप है कि उन्होंने व उस पर तेल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया। घायल अवस्था में गुंजन को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला के पति रामचंद की शिकायत पर बस्ती जोधेवाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

रामचंद ने बताया कि उसका विवाह करीब 10 पहले गरीब परिवार की गुंजन के साथ हुआ था। उसके 2 बच्चे हैं। बड़ी बेटी 7 साल की है और छोटा बेटा डेढ़ साल का है। नौकरी के सिलसिले में वह अक्सर देश से बाहर रहता है। करीब 8 महीने पहले वह मास्कट से लौटा था। पिता के देहांत के बाद प्रापर्टी के बंटवारे को लेकर उसका अपने भाई-भाभी से विवाद चल रहा है। उसकी माता भी उन्हीं का साथ दे रही है। उसका आरोप है कि वे लोग उसे व उसके परिवार को जबरन घर से निकालना चाहते हैं। रामचंद ने बताया कि आज उसका बेटा खेलते हुए उसके भाई के कमरे में चला गया। 

इस बात को लेकर उसकी भाभी ने घर में बवाल खड़ा कर दिया और फोन करके फगवाड़ा से अपने मायके वालों को बुला लिया। जिसके बाद उन्होंने गुंजन को बुरी तरह से पीटा और उस पर तेल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की। किसी तरह से गुंजन ने अपनी जान बचाई। जब वह घर लौटा तो गुंजन को अस्पताल पहुंचाया। उसका आरोप है कि जब वह थाने में शिकायत करने पहुंचा तो पीछे से उन्होंने उसके कमरे पर ताला जड़ दिया। इस संबंध में तमाम कोशिशों के बाद दूसरे पक्ष का पक्ष जानने के लिए उनसे संपर्क नहीं हो पाया। देर रात तक इस संबंध में कोई केस दर्ज नहीं हुआ था। ए.एस.आई. बलवीर सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जो कोई कसूरवार पाया गया उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News