अमरेन्द्र लंदन रवाना, युवाअों को जोड़ने के लिए लांच करेंगे नया कार्यक्रम

punjabkesari.in Thursday, Sep 07, 2017 - 04:47 PM (IST)

जालंधर  (धवन): पंजाब के मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह आज नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के लिए रवाना हो गए हैं, जहां उनके कई कार्यक्रम रखे गए हैं। 


कैप्टन की स्वदेश वापसी 15 सितम्बर को होगी। 16 या 17 को वह चंडीगढ़ लौट आएंगे। सरकारी हलकों से पता चला है कि कैप्टन के इंगलैंड दौरे को देखते हुए कई कांग्रेसी विधायक व पार्टी नेता पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। पंजाब सरकार द्वारा आप्रवासी नौजवानों को अपनी जड़ों से जोडऩे के लिए ‘कोनैक्ट टू रूट’ कार्यक्रम लंदन में अमरेन्द्र सिंह द्वारा लांच किया जा रहा है। पंजाबियों की विदेशों में बसी दूसरी, तीसरी व चौथी पीढ़ी को पंजाब के साथ जोडऩे के उद्देश्य से ही नया कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। लंदन में भारतीय दूतावास द्वारा 13 सितम्बर को लंदन में इंडिया हाऊस में कार्यक्रम रखा गया है। 


राज्य सरकार की तरफ से सभी प्रबंध भारतीय दूतावास के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे हैं, जिसमें नया कार्यक्रम मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किया जाएगा। इस कार्यक्रम की सफलता के बाद मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह ऐसा ही कार्यक्रम अमरीका, कनाडा तथा यूरोप के अन्य देशों में लांच करना चाहते हैं, जहां भारी गिनती में आप्रवासी पंजाबी बसे हुए हैं। ऐसा करके कांग्रेस सरकार आम आदमी पार्टी को भी झटका देगी, जिसे पिछले विधानसभा चुनावों में विदेशों से समर्थन मिल रहा था। कैप्टन द्वारा आप्रवासी पंजाबियों को पंजाब में पूंजी निवेश करने के लिए भी आमंत्रित किया जाएगा तथा साथ ही आप्रवासियों से कहा जाएगा कि सरकार उनकी जायदादों की सुरक्षा करने के लिए तैयार है। 


कैप्टन की सुरक्षा रहेगी फुल प्रूफ
मुख्यमंत्री की लंदन फेरी के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर भी उचित प्रबंध किए गए हैं। उनके सुरक्षा सलाहकार खूबी राम तथा पंजाब पुलिस के कुछ उच्चाधिकारी भी मुख्यमंत्री के साथ इंगलैंड दौरे पर गए हैं। विदेशों में चूंकि कई खालिस्तानी समर्थक तत्व मौजूद हैं, इसलिए सरकार मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम लेना नहीं चाहती है। 


विदेश जाने से पहले सरकारी फाइलों का निपटारा किया
मुख्यमंत्री ने इंगलैंड दौरे के लिए रवाना होने से पहले दिल्ली में सरकारी फाइलों का निपटारा किया। मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव सुरेश कुमार तथा एम.पी. सिंह इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ थे तथा उन्होंने जरूरी कामकाज का निपटारा करवाया। कई फाइलों पर मुख्यमंत्री ने हस्ताक्षर भी किए।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News