नियमित न करने पर भड़के सीवर कर्मचारी

punjabkesari.in Saturday, May 27, 2017 - 12:42 PM (IST)

अमृतसर(टीटू) : लंबे समय से नगर निगम अमृतसर में अस्थायी तौर पर सीवरमैन के तौर पर कार्य कर रहे सैंकड़ों की कर्मचारियों की लंबित पड़ी मांगें हल होती न देख कर्मचारियों ने आंदोलन का मार्ग अपना लिया है। सीवरेज कर्मचारियों ने कांग्रेस भवन हाल बाजार में इंटक के जिला प्रधान सुरिन्द्र शर्मा को मांग पत्र सौंपते हुए उन्हें अपनी मुश्किलों से अवगत करवाया। इंटक प्रधान शर्मा ने बताया कि डी.सी.एफ.ए. इन कर्मचारियों को समय पर न वेतन देकर इनका शोषण कर रहा है।


अगर कर्मचारियों को जल्द वेतन न दिया गया तो इंटक इन संबंधित अधिकारियों का घेराव करेगी। उन्होंने बताया कि पिछले डेढ़-दो दशक से उक्त कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। निगम प्रशासन ने हाऊस की मीटिंग में प्रस्ताव पारित कर 176 सीवरमैनों को पक्का करने का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया था। पंजाब सरकार ने भी इन कर्मचारियों को पक्का करने की मंजूरी दे दी थी। मंजूरी मिले 7-8 माह गुजर चुके हैं पर निगम प्रशासन ने इन कर्मचारियों को पक्का करने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह से मांग की है कि अगर सरकार ने मंजूरी दी है तो फिर निगम प्रशासन आनाकानी क्यों कर रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वह ब्यूरोक्रेसी को नकेल डालें। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News