12वीं परीक्षा के पहले दिन गुंडागर्दी, तोड़फोड़ कर डी.ई.ओ. समेत अन्य अधिकारी बनाए बंधक

punjabkesari.in Thursday, Mar 01, 2018 - 11:24 AM (IST)

तरनतारन(रमन): पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं की परीक्षा के पहले दिन नकल पर शिकंजा कसा तो नकलचियों का विरोध देखने को मिला। जिले के कस्बा खेमकरण के सरकारी कन्या स्कूल स्थित परीक्षा केन्द्र को हजूम ने निशाना बनाते हुए तोडफ़ोड़ की। जायजा लेने के लिए मौके पर पहुंचे डी.ई.ओ. सैकेंडरी निर्मल सिंह जैतो सरजा और उनकी टीम को कथित तौर पर बंधक बना लिया गया। देर शाम को मौके पर डी.आई.जी., सहायक कमिश्नर समेत उच्च अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

 

जिले के सीमावर्ती कस्बा खेमकरण स्थित सरकारी कन्या स्कूल के परीक्षा सैंटर में आज 12वीं की परीक्षा के पहले दिन ही सचिव कृष्ण कुमार ने दबिश दी, जिससे परेशान नकलचियों ने परीक्षा केन्द्र को निशाना बनाया। 

 

एस.पी. (आई) तिलक राज ने बताया कि  जिला शिक्षा अधिकारी (सैकेंडरी) निर्मल सिंह जैतो सरजा, सहायक डी.ई.ओ. परमजीत सिंह, जिला गाइडैंस अधिकारी सुखबीर सिंह कंग व अन्य अधिकारी वल्टोहा और खेमकरण के परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेने के लिए पहुंचे। परीक्षा शुरू होने के एक घंटे के बाद सरकारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल कन्या खेमकरण स्थित परीक्षा केन्द्र के प्रवेशद्वार पर खड़े दर्जनों लोगों ने प्रवेशद्वार पर लगे गेट को तोड़ डाला व परीक्षा केन्द्र के भीतर दाखिल होने की कोशिश की।

 

मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों ने उक्त हजूम को रोकने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने डी.ई.ओ. सैकेंडरी निर्मल सिंह जैतो सरजा और उनके साथ आई टीम को परीक्षा सैंटर के कथित तौर पर प्रवेशद्वार पर बंधक बना लिया। सूचना मिलते ही डी.एस.पी. सुखचैन सिंह मान, थाना प्रभारी बलविंद्र सिंह मौके पर पहुंचे परन्तु हजूम की गिनती अधिक होने के कारण बाहरी थानों से पुलिस बल मंगवाना पड़ा।

 

डी.ई.ओ. निर्मल सिंह जैतो सरजा ने बताया कि शिक्षा विभाग द्वारा नकल पर नकेल कसने से खफा लोगों ने हंगामा किया, जिस बाबत पुलिस को शिकायत दी गई है। उधर शिक्षा विभाग के सचिव कृष्ण कुमार ने खेमकरण कन्या स्कूल के परीक्षा केन्द्र को बदलने के आदेश दिए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News