Girlfriend से किए एक वादे ने ले ली इस आशिक की जान, सुसाईड नोट ने खोला राज

punjabkesari.in Friday, Apr 28, 2017 - 11:15 AM (IST)

लुधियाना(महेश): सलेम टाबरी के दाना मंडी इलाके में विद्युत विभाग से सहायक अभियंता के पद से सेवामुक्त हुए प्रीतम सिंह के 18 वर्षीय पुत्र ने फंदा लगाकर जान दे दी। गुरजिंद्र सिंह का शव बुधवार उसके घर में लटकता हुआ पाया गया। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है। फिलहाल पुलिस ने प्रीतम के बयान पर धारा-174 के तहत कार्रवाई करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 

2 साल पहले हुआ था माता का देहांत
अमरीक ने बताया कि प्रीतम की अपनी कोई संतान नहीं है। गुरजिंदर जब मात्र 6 दिन का था तो प्रीतम ने कानूनी तौर पर अपने भतीजे से उसे गोद ले लिया था, जोकि मध्य प्रदेश का रहने वाला था। करीब 2 साल पहले गुरजिंदर की माता यानी प्रीतम की पत्नी का देहांत हो गया था। वह अपने पिता के साथ रहता था। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने आइलेट्स के पेपर दिए थे, जिसमें उसके 5.5 बैंड आए थे। इन दिनों वह बैंजो नामक इस्टूमैंट बजाने का अभ्यास कर रहा था।

PunjabKesari

साक्षी की तलाश में जुटी पुलिस 
अमरीक ने बताया कि मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है, जोकि पंजाबी में लिखा हुआ है। जिसमें गुरजिंदर ने कहा है कि मैं बिना किसी दबाव के यह स्टैप उठा रहा हूं। मैं अपनी जिंदगी से बहुत दुखी हूं। कुछ इस तरह की घटनाएं हुईं जिस कारण मेरे माता-पिता का सिर मेरी वजह से झुका। उसके बाद रब्ब जैसी मेरी मां मेरे से दूर हो गई। फिर मेरी जिंदगी में साक्षी आई। उसने मुझे बहुत प्यार किया। मैं सब कुछ भूल गया। पर आज मेरी रब्ब जैसी साक्षी (सिगू) ने भी मुझे भुला दिया। मैं कुछ भी सह सकता हूं, पर उसका दूर जाना बिल्कुल नहीं सह सकता। मेरे जाने के बाद कृपया मेरी सिगू को कोई परेशान न करे। उसको इतना बता दिया जाए कि उसका गुरी उसे बहुत प्यार करता था। वह अपना भी वायदा निभा गया। मेरा वायदा था कि जिस दिन वह मेरे से दूर होगी वह मेरा आखिरी दिन होगा। अमरीक ने बताया कि फिलहाल अभी तक साक्षी का पता नहीं चल पाया है। उसका पता लगाया जा रहा है। उसके पिता को भी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News