पत्नी के थे अन्य पुरुष के साथ अवैध संबंध,दुखी होकर पति ने उठाया खौफनाक कदम

punjabkesari.in Saturday, Oct 14, 2017 - 11:04 AM (IST)

समाना (अशोक): गांव खत्तरीवाला के एक विवाहित व्यक्ति बलकार सिंह पुत्र जंग सिंह द्वारा अपनी पत्नी के नाजायज संबंधों से परेशान होकर भाखड़ा नहर में छलांग लगा कर जान देने की जानकारी मिली है। भाखड़ा नहर में छलांग लगाने वाले बलकार सिंह के भाई जसपाल सिंह पुत्र सुच्चा सिंह ने सिटी पुलिस के पास दर्ज कराए गए बयान में कहा है कि उसके भाई बलकार सिंह की शादी सर्वजीत कौर निवासी गांव नागाखेड़ी थाना दिड़बा से हुई थी।

शादी के बाद उसके भाई के पास दो बच्चे हैं। उसकी भाभी सर्वजीत कौर के गांव निवासी हरबंस सिंह पुत्र सुच्चा सिंह से नाजायज संबंध थे और इसको लेकर दोनों में झगड़ा रहता था। इसके बावजूद सर्वजीत कौर और हरबंस सिंह ने इन नाजायज संबंधों को जारी रखा हुआ था। सर्वजीत कौर पिछले करीब दो माह से अपने मायके गांव नागाखेड़ी चली गई थी। इसके बाद उसका भाई बलकार सिंह भी अपने ससुराल के गांव नागाखेड़ी चला गया था और वहीं पर किसी दुकान पर काम करने लगा था। लेकिन सर्वजीत कौर और हरबंस सिंह ने दुकान मालिक को कह रखा था कि बलकार सिंह को काम के बदले कोई पैसे नहीं देना है।

जिस पर बलकार सिंह द्वारा आपत्ति जताए जाने पर सर्वजीत कौर और उसके आशिक हरबंस सिंह ने बलकार सिंह से बुरी तरह से मारपीट की। इससे बाद बलकार सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर समाना के पास गांव गढ़ी साहिब के निकट भाखड़ा नहर पर आया और सुसाइड नोट छोड़ कर भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। नहर की पटरी के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने इस घटना की सूचना सिटी पुलिस को दी।

सिटी थाना समाना को इस घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भाखड़ा नहर के किनारे खड़ी बाइक और सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू करने के साथ नहर में बलकार सिंह की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंधी सिटी थाना इंचार्ज करनैल सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट के आधार पर मृतक बलकार सिंह की पत्नी सर्वजीत कौर, सास मूर्ति कौर और हरबंस सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News