निगम चुनाव में हिस्सा लिए बिना लुधियाना से होकर गुजर जाएंगे सुखबीर

punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2018 - 11:26 AM (IST)

लुधियाना  (हितेश): 24 फरवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर गतिविधियां पूरे यौवन पर है जिसमें कांग्रेस के अलावा अकाली दल व भाजपा की तरफ से भी जीत के दावे किए जा रहे हैं लेकिन अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल इन चुनावों में हिस्सा लिए बिना ही लुधियाना से होकर निकल जाएंगे। 


यहां बताना उचित होगा कि अकाली दल ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ पंजाब भर में पोल खोल रैली करने का प्रोग्राम रखा हुआ है इसके तहत दाखा हल्का की रैली 14 फरवरी को रखी गई है जिसमें चीफ गैस्ट के तौर पर सुखबीर सिंह बादल शामिल होंगे जो रैली के लिए जाते समय या वापसी के दौरान लुधियाना से होकर गुजरेंगे। इसे लेकर क्यास लगाए जा रहे थे कि इस दौरे के दौरान सुखबीर सिंह बादल का लुधियाना में रुकने का प्रोग्राम जरूर बन सकता है। 

 


इसके तहत विधानसभा हल्का वाइस रैली करने के अलावा वर्करों को मिलकर नगर निगम चुनाव को लेकर हौसला अफजाई करने को पहल दे सकते हैं। यहां तक कि टिकट न मिलने से नाराज चल रहे नेताओं के अलावा चुनाव में गुटबाजी का सामना कर रहे उम्मीदवारों ने भी सुखबीर से मिलने का प्रोग्राम बनाया हुआ था ताकि पार्टी प्रधान के जरिए असंतुष्टओं को मनाया जा सके। लेकिन यह सारी तैयारी उस समय धरी रह गई जब सुखबीर बादल के मुल्लांपुर जाते या वापस आते समय लुधियाना रुकने का कोई प्रोग्राम ही नहीं रखा गया जिसे लेकर चर्चा है कि हार की सूरत में जिम्मेदारी मिलने के डर से शायद सुखबीर ने नगर निगम चुनाव से दूरी बनाकर रखने को पहल दी है। 

 

शायद ही हों कैप्टन के दर्शन, जाखड़ व मंत्रियों के आने की संभावना


अगर सरकार बनने के बाद हुए चुनावों की बात करें तो गुरदासपुर में कैप्टन अमरेन्द्र सिंह एक दिन ही गए थे। जबकि जालंधर, अमृतसर व पटियाला के अलावा पंजाब में बाकी जगह हुए नगर निगम चुनावों में उन्होंने किसी जगह दौरा नहीं किया। यही संभावना लुधियाना में होने वाले चुनावों को लेकर भी जताई जा सकती है। जिसे लेकर विधायक भारत भूषण आशु का कहना है कि स्टेट या सैंटर के किसी लीडर के आने का प्रोग्राम अभी नहीं मिला। हालांकि पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ के अलावा मंत्रियों के रैलियों में हिस्सा लेने बारे शैड्यूल बनाया जा रहा है।   

 

दिल्ली से आप के नेता भी नहीं आएंगे लुधियाना

विधानसभा चुनावों के बाद पंजाब को आम आदमी पार्टी के दिल्ली वाले नेताओं के दर्शन नहीं हुए। अब बाकी शहरों की तरह लुधियाना के नगर निगम चुनावों में भी अरविंद केजरीवाल तो क्या पंजाब के इंचार्ज मनीष सिसोदिया के आने का कोई प्रोग्राम नहीं है। इसकी पुष्टि करते हुए जिला प्रधान भोला ग्रेवाल ने कहा कि आप के दिल्ली के किसी नेता का लुधियाना नगर निगम चुनावों में आने का कोई प्रोग्राम नहीं है। हालांकि पंजाब में आप के नेताओं भगवंत मान व सुखपाल खैहरा द्वारा प्रचार में हिस्सा लिया जाएगा।   

 

सभी उम्मीदवार अपने वार्डों में प्रचार करने में लगे हुए हैं जिनको कोई बड़ी रैली रखने पर एक दिन पहले से ही तैयारी करनी पड़ती। इसलिए बुधवार को सुखबीर बादल का लुधियाना में कोई प्रोग्राम नहीं रखा गया और लुधियाना में पोल खोल रैली का हल्का वाइस शैड्यूल भी नगर निगम चुनाव के बाद जारी किया जाएगा।                                                                                - रंजीत ढिल्लों, जिला प्रधान अकाली दल


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News