सुक्खी कई जिलों की पुलिस को एक दर्जन मामलों में था Wanted

punjabkesari.in Thursday, Apr 27, 2017 - 02:37 PM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खी पंजाब के कई जिलों की पुलिस को वांटेड था। काऊंटर इंटैलीजैंस के अनुसार सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खी पर संगरूर, भटिंडा, पटियाला और सिरसा (हरियाणा) आदि जगहों पर लूटपाट, डकैती, इरादा कत्ल के दर्जन के लगभग केस दर्ज हैं और कई मामलों में सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खी वांटेड था। उसने पिछले समय दौरान अपने साथियों के साथ मिल कर पंजाब से कई कारें भी छीनीं। सुक्खी नाभा जेल ब्रेक के मास्टरमाइंड गुरप्रीत सेखों का नजदीकी साथी है। सुक्खी सेखों के साथ भटिंडा जेल में 2014 में इकट्ठा बंद रहा, जहां से इनकी आपसी जान-पहचान हुई। सेखों के भाई मनी सेखों का भी यह करीबी साथी रहा है। इसके अलावा इसके भटिंडा जेल में बंद गैंगस्टरों और भगौड़े गैंगस्टरों के साथ भी संबंध हैं। 

नाभा जेल में सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खी की क्या भूमिका?
पुलिस की तरफ से दावा किया गया है कि सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खी ने नाभा जेल ब्रेक में काफी अहम भूमिका निभाई थी। वह नाभा जेल ब्रेक वाले दिन आई-20 कार में सवार था और उसने सबसे पहले चैक पोस्ट और फिर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारियों पर अंधाधुंध फायरिंग की और सारा रास्ता साफ किया और बाकी साथियों ने इसको कवर फायर दिया था। इसके बाद वह आई-20 कार में सवार होकर फरार हो गया, जिसको वह हरियाणा में छोड़ कर आगे फरार हो गया। सुखचैन सिंह जुलाई 2016 में ही जेल से बाहर आया था। 

कार पातड़ां और रिवाल्वर भटिंडा से छीना था
सुखचैन सिंह से जो वरना कार बरामद की गई है, उस पर फर्जी नंबर लगा हुआ था और यह कार 13 मार्च 2017 को पातड़ां के एरिया में कार डीलर के कारिंदे को गोली मार कर घायल करके छीनी गई थी। 32 बोर का लाइसैंसी रिवाल्वर भी थाना नंदगढ़ जिला भटिंडा के एरिया से सुखचैन सिंह सुक्खी ने अपने साथियों के साथ मिल कर छीना था। 

क्या है नाभा जेल ब्रेक मामला
पिछले साल 27 नवम्बर को नाभा की मैक्सीमम सिक्योरिटी जेल पर कुछ हथियारबंद व्यक्तियों ने हमला करके 6 खतरनाक अपराधियों को छुड़वा लिया था। इनमें से हरमिंद्र सिंह मिंटू, गुरप्रीत सिंह सेखों, कुलप्रीत सिंह नीटा और अमन ढोटिया अब तक गिरफ्तार हो चुके हैं जबकि कश्मीरा सिंह और विक्की गौंडर अभी तक फरार हैं। 
इस मामले में पुलिस की तरफ से जेल पर हमला करने के आरोप में पलविंद्र पिंदा, बिक्कर, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा इस वारदात में शामिल होने के आरोप में गुरप्रीत मांगेवाल, मोहम्मद आसीम, सुनील कालड़ा, रणजीत सिंह और हरजोत सहित कुल 22 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में अब तक 14 पिस्तौलें, 9 कारें, 500 राऊंड और वाकी-टाकी सैट आदि बरामद किए गए हैं। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News