फैक्टरी में AC कंप्रैशर फटने से एक की मौत, 1 घायल

punjabkesari.in Saturday, Mar 30, 2019 - 11:30 AM (IST)

अमृतसर(अरुण): नारायणगढ़ छहर्टा स्थित एक जैल फैक्टरी में ए.सी. कंप्रैशर फट जाने से एक मैकेनिक की मौत हो गई,जबकि 1 युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना छहर्टा की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार नारायगढ़ छहर्टा स्थित निर्मल जैल इंटरप्राइजिज फैक्टरी में अमनदीप जोशी पिछले कई वर्षों से ए.सी. रिपेयरिंग का काम करता था । गर्मी का मौसम आता देख फैक्टरी मालिक द्वारा पिछले 2 दिन से फैक्टरी के ए.सी. की मुरम्मत करवाई जा रही थी। दोपहर करीब 2.30 पर जब अमनदीप जोशी ,तलविन्द्र सिंह (18) के साथ रिपेयर का काम कर रहा था तो अचानक ए.सी. का कंप्रैशर फट गया। इस हादसे में अमनदीप की मौके पर मौत हो गई, जबकि तलविन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसको तुरंत नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। यहां से उसे सिविल अस्पताल रैफर कर दिया गया। 

‘यह घटना अचानक हुई’
फैक्टरी मालिक मनजिन्द्र सिंह ने बताया कि पिछले कई वर्षों से अमनदीप जोशी उनकी फैक्टरी के ए.सी. की मुरम्मत करता आ रहा था। अचानक यह घटना हो गई। 

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है : थाना प्रभारी  
थाना छहर्टा प्रभारी आई.पी.एस. मेहताब सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

swetha