नन्ही जान और अगवाकार को सोशल मीडिया के जरिए ढूंढने लगा जी.आर.पी. का थानेदार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 26, 2019 - 02:24 PM (IST)

अमृतसर(जशन): आमतौर पर देखा जाता है कि सोशल मीडिया पर लोग अपनी जीवनशैली से संबंधित फोटो, वीडियो बनाकर अपलोड करते रहते हैं, तो कई बार सोशल मीडिया पर बेमतलब के भ्रामक वीडियो व फोटोज वायरल होती रहती हैं। पर पंजाब राजकीय रेलवे पुलिस के थाना जालंधर में तैनात थानेदार सुखदेव सिंह ने एक महिला द्वारा महज 6 महीने का बच्चा अगवा करने के मामले में कोई सुराग न मिलने पर अब सोशल मीडिया का सहारा लेकर बच्चे और अगवाकार महिला को ढूंढने का प्रयास शुरू किया है।

जालंधर जी.आर.पी. थाना के थानेदार सुखदेव सिंह द्वारा अपनी निजी फेसबुक आई.डी., सुखदेव सिंह औलख पर डाली गई पोस्ट के अनुसार 10 जनवरी को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन से गांव कोट पंडोरी महिरा थाना गढ़शंकर जिला होशियारपुर की महिला लीलावंती के 6 महीने के लड़के उमा दास को एक महिला अगवा कर ले गई थी। 

उक्त मामले में तब जी.आर.पी. जालंधर ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी परंतु पुलिस को न तो अगवाकार महिला का पता चला और न ही बच्चे का कोई सुराग मिला। जब जी.आर.पी. थाना जालंधर के सहायक सब-इंस्पैक्टर सुखदेव सिंह से बात की गई तो उन्होंने फेसबुक पर डाली उक्त पोस्ट की पुष्टि करते हुए कहा कि मामला इस जनवरी महीने का है और जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर हुई घटना की जांच मौजूदा समय में उनके द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच में महिला द्वारा छोटा बच्चा उठाए जाने की तस्वीरें पुलिस थानों में भेज दी गई थीं और जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के साथ-साथ जांलधर सिटी रेलवे स्टेशन पर भी जी.आर.पी. द्वारा महिला व बच्चे की तलाश में कड़ी निगाह रखी जा रही है। वहीं जी.आर.पी. के बाकी थानों में भी वारदात से संबंधित तस्वीरें भेज दी गई थीं पर कोई सकारात्मक परिणाम सामने नहीं आया। सुखदेव सिंह के अनुसार अब सोशल मीडिया के जरिए लोगों से सहयोग की अपील की गई है ताकि जल्द से जल्द बच्चा ले जाने वाली महिला और बच्चे का कोई तो सुराग मिल सके। 

swetha