डैपो मैंबर पर 4 व्यक्तियों ने घर में घुस कर किया हमला, जान से मारने की दी धमकी

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 08:28 PM (IST)

तरनतारन(रमन): डैपो मीटिंग में गांव चीमा कलां निवासी सिकन्दर सिंह को नशा बेचने वालों का नाम लेना भारी पड़ गया। मीटिंग में उसने जिन नशा बेचने वाले व्यक्तियों का नाम लिया, उन्होंने उस पर एकराय होकर घर में दाखिल हो हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकियां भी दी। इस संबंध में थाना सदर पट्टी पुलिस ने 4 व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज करके 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है। वर्णनीय है कि डी.सी. तरनतारन प्रदीप कुमार सभ्रवाल के आदेश पर डैपो मैंबरों ने गांव चीमा कलां में 5 सदस्यीय कमेटी बनाई हुई थी और वह नशा तस्करों की सूची बनाने लिए बैठक में बातचीत कर रहे थे।
 

जानकारी के अनुसार सिकन्दर सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह निवासी चीमां खुर्द डैपो मैंबर है। गत दिवस उसने बैठक में संदेह जताते हुए गांव के उन लोगों का नाम लिया, जो नशा बेचते हैं। बैठक के बाद सिकन्दर सिंह घर आ गया। बाद में उसे जगीर सिंह पुत्र बागा सिंह, कंवलजीत सिंह पुत्र जगीर सिंह, करनदीप सिंह पुत्र बख्शीश सिंह, धर्मबीर सिंह पुत्र बख्शीश सिंह निवासी चीमां कलां का फोन आया और धमकी मिली कि नशा बेचने वालों की सूची क्यों बनाई गई है, हमारा किसी का नाम तो नहीं लिया गया।

 

इसके बाद उक्त व्यक्ति घर में दाखिल हुए और उस पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। सिकन्दर सिंह को घायल हालत में सिविल अस्पताल पट्टी में दाखिल करवाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया। इस संबंध में जांच अधिकारी गुरबख्श सिंह ने बताया कि जगीर सिंह और करनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी 2 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। उधर, सिकन्दर सिंह ने बताया कि फरार आरोपी उसे धमका रहे हैं कि केस वापस ले वरना अंजाम बुरा होगा। उसने पुलिस से मांग की कि फरार आरोपियों को जल्द काबू करके सख्त कार्रवाई की जाए।

swetha