हैरोइन तस्करी मामले में नाइजीरियन महिला को गिरफ्तार कर दुविधा में फंसी पुलिस

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 01:01 PM (IST)

अमृतसर(महेन्द्र): अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर की जाने वाली हैरोइन की तस्करी के मामले में दिल्ली में किराए पर रह रही युगांडा की एक नाइजीरियन महिला का नाम भी सामने आने पर स्थानीय स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल (एस.एस.ओ.सी.) की पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार करने का दावा किया है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस कहीं न कहीं खुद दुविधा में फंसती दिखाई दे रही है। अदालत में पेशी के दौरान नाइजीरियन महिला ने कहा कि उसका एक सप्ताह का एक बच्चा भी है, जिसे पुलिस ने उसे साथ ले जाने की इजाजत नहीं दी। 

 

हालांकि पुलिस का कहना था कि महिला ने अपने किसी बच्चे की उन्हें कोई जानकारी नहीं दी थी। अदालत ने जहां कथित आरोपी नाइजीरियन महिला को 21 जुलाई तक 1 दिन के पुलिस रिमांड में भेज दिया है, वहीं पुलिस को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए आदेश जारी किए हैं कि अगर आरोपी महिला अपने बच्चे की खुद देखभाल करना चाहती है, तो बच्चे की उचित देखभाल हेतु महिला को उचित समय दिया जाए। साथ ही गिरफ्तार आरोपी महिला का मैडीकल भी करवाने के भी आदेश जारी किए।

 

आरोपी ने दिल्ली से हैरोइन लाने की बात कबूल की थी
स्थानीय स्टेट स्पैशल आप्रेशन सैल की पुलिस द्वारा 21 जून 2018 को एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 21-29-61-85 के तहत दर्ज मुकदमा नंबर 16/2018 के अनुसार पुलिस ने एक सूचना के आधार पर तरनतारन के थाना भिखीविंड के गांव भाई लद्धू निवासी कुलदीप सिंह पुत्र दर्शन सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे में से 260 ग्राम हैरोइन बरामद की थी। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया था। 


बच्चे को लेकर काफी देर तक अदालत में होती रही चर्चा
पेशी के दौरान जैसे ही नाइजीरियन महिला ने एक सप्ताह के बच्चे की जानकारी दी, तो अदालत ने कहा बच्चा है कहां? तो महिला का कहना था कि उसके जान-पहचान वाले दोस्त परिवार के पास है, जिसे पुलिस ने साथ लेकर जाने की इजाजत दी ही नहीं थी, जबकि इंस्पैक्टर सुखजिन्द्र सिंह रंधावा का कहना था कि आरोपी महिला झूठ बोल रही है। इसने गिरफ्तारी के समय अपने किसी भी बच्चे की कोई जानकारी नहीं दी थी। अगर बच्चे को लेकर उन्हें कोई जानकारी मिलती, तो वे आरोपी महिला के बच्चे को भी साथ लेकर जाने की इजाजत भी दे देनी थी। आरोपी महिला के बच्चे की बात सामने आने पर अदालत ने इसे बहुत ही गंभीर मामला माना तथा बच्चे को लेकर अदालत में काफी देर तक चर्चा होती रही। 

swetha