हैरोइन तस्करी : आई.सी.पी. पर कस्टम ने की सख्ती, तस्करों ने किया बार्डर का रुख

punjabkesari.in Saturday, Jan 18, 2020 - 09:41 AM (IST)

अमृतसर(नीरज): आई.सी.पी. (इंटैग्रेटेड चैक पोस्ट) अटारी बार्डर पर पाकिस्तान से आए नमक की खेप से 532 किलो हैरोइन व 52 किलो मिक्सड नार्कोटिक्स पकड़े जाने के बाद यह माना जा रहा था कि अमृतसर बार्डर में हैरोइन की तस्करी पर लगाम लगी है लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। आई.सी.पी. पर कस्टम विभाग की तरफ से सख्ती किए जाने के बाद पाकिस्तान व अमृतसर में सरगर्म हैरोइन तस्करों ने एक बार फिर से बार्डर का रुख कर लिया है और फिर से हैरोइन तस्करी करने के लिए परम्परागत तरीका अपना लिया है। 

जनवरी महीना है और धुंध घनी है जिसका फायदा हैरोइन तस्कर उठा रहे हैं। आई.सी.पी. पर हैरोइन की सबसे बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद तस्कर कुछ महीनों के लिए ठंडे पड़ गए थे और कई महीनों के बाद बी.एस.एफ. ने इतनी बड़ी खेप पकड़ी है जो साबित करता है कि हैरोइन तस्कर एक बार फिर से सरगर्म हो गए हैं। इस मामले में पूरे देश की सुरक्षा एजैंसियों को मोस्टवांटेड चल रहे कुख्यात हैरोइन तस्कर रणजीत सिंह उर्फ चीता का नाम भी उछल रहा है क्योंकि अभी भी अमृतसर व पंजाब के सीमावर्ती जिलों में रणजीत चीते के 20 से ज्यादा स्लीपर सैल घूम रहे हैं जिनकी अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

200 दिन बाद भी सुरक्षा एजैंसियों के शिकंजे से बाहर रणजीत सिंह चीता

पंजाब पुलिस की अलग-अलग सुरक्षा एजैंसियां हो या फिर केन्द्र सरकार की सुरक्षा एजैंसियां हों इससे ज्यादा लापरवाही और क्या हो सकती है कि एक हैरोइन तस्कर जो अब तक की सबसे बड़ी खेप 532 किलो व 52 किलो मिक्सड नार्कोटिक्स के मामले में मोस्टवांटेड है वह 200 दिन बाद भी गिरफ्तार नहीं हो पाया है। रणजीत सिंह चीता 30 जून 2019 से मोस्टवांटेड चल रहा है लेकिन अभी तक  कोई भी सुरक्षा एजैंसी चीते को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। देश की सबसे बड़ी एजैंसी एन.आई.ए. भी चीते को गिरफ्तार करने मेें नाकाम रही है।

मालगाड़ी व समझौता एक्सप्रैस बंद होने के कारण भी बार्डर पर फोकस

आई.सी.पी. अटारी बार्डर पर 532 किलो हैरोइन पकड़े जाने के बाद ट्रकों के जरिए आने वाले माल की सख्त रैमजिंग शुरू हुई और 16 फरवरी के बाद से जब पाकिस्तान के साथ तनावपूर्ण माहौल बना तो पाकिस्तान से आने वाली मालगाड़ी व समझौता एक्सप्रैस भी बंद हो गई। यह दो अंतर्राष्ट्रीय रेलगाडिय़ां थी जिसको पाकिस्तान के तस्कर हैरोइन तस्करी का जरिया बनाते थे लेकिन दोनों रेलगाडिय़ां बंद होने के बाद व आई.सी.पी. पर सख्ती के बाद तस्करों ने फिर से बार्डर पर फोकस कर दिया है। 

swetha