पति व सास से परेशान विवाहिता ने निगला जहर, मौत

punjabkesari.in Friday, Sep 13, 2019 - 07:34 PM (IST)

अमृतसर (संजीव): अपने पति व सास की प्रताड़ना से परेशान विवाहिता द्वारा जहर निगल आत्महत्या करने के मामले में थाना राजासांसी की पुलिस ने उसे मरने पर मजबूर किए जाने के आरोप में उसके पति रणजीत सिंह व सास दलबीर कौर निवासी हर्षाछीना ऊचा किला के विरूद्ध केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव उसके परिवार वालों को सौंप दिया, जबकि किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।

यह है मामला
मरने वाली राजविन्द्र कौर के भाई बग्गा सिंह निवासी न्यू गोल्डन एवेन्यू जोड़ा फाटक की शिकायत पर दर्ज किए गए मामले में उसका कहना है कि वर्ष 1998 में उसकी बहन राजविन्द्र कौर का विवाह आरोपी रणजीत सिंह के साथ हुआ था। विवाह के बाद उनके घर पर 1 लड़के लवप्रीत सिंह ने जन्म लिया। जिसकी उम्र इस समय करीब 20 वर्ष की हो चुकी है। अक्सर रणजीत सिंह व दलबीर कौर उसकी बहन को परेशान करते थे। पिछले कुछ वर्षों से रणजीत सिंह प्राइवेट बस में बतौर ड्राइवर नौकरी कर रहा था और कई-कई दिन घर नहीं आता था, जब उसकी बहन घर न आने का कारण पूछती तो वह उसके साथ मारपीट करता था। कई बार रणजीत सिंह यहां तक कहता था कि वह कहीं ओर विवाह करेगा। गत दिवस उसे फोन पर किसी ने सूचित किया कि उसकी बहन ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया है, जब वह मौके पर पहुंचे तो उसकी बहन आखिरी सांसे ले रही थी। जिसने उसे बताया कि उसे उसका पति व सास बहुत परेशान करते थे। जिस कारण उसने जहरीला पदार्थ निगल अपनी जीवन लीला समाप्त करने का प्रयास किया है। इतना कहने के बाद उसकी बहन की मौत हो गई थी।

यह कहना है पुलिस का
थाना राजासांसी के एस.आई. कर्मपाल सिंह ने बताया कि फिलहाल मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवा शव उसके परिवार वालों को सौंप दिया गया है, जबकि आरोपी वारदात के बाद से भूमिगत है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

Mohit