पुरानी रंजिश के चलते मिस्त्री की बेरहमी से हत्या

punjabkesari.in Friday, Jan 18, 2019 - 08:17 AM (IST)

अमृतसर (स.ह.): शहर में पुरानी रंजिश के चलते एक माली ने पौधे काटने वाली कैंची से हमला कर राज मिस्त्री का कत्ल कर दिया। थाना रणजीत एवेन्यू की पुलिस को दी शिकायत में रत्न सिंह चौक निवासी मृतक मनोज कुमार (45) की पत्नी सीमा ने बताया कि उसका पति राज मिस्त्री का काम करता था जो अक्सर शाम 6 बजे तक घर वापस आ जाता था। 

गत शाम उसका पति लेट हो गया, जिसे देखने के लिए वह अपने दामाद मंगल सिंह के साथ गई। वेरका बूथ ई-ब्लॉक रणजीत एवेन्यू नजदीक उसने देखा कि आरोपी राम हजारी (माली) निवासी यू.पी. हाल आनंद एवेन्यू जिसके साथ उसके पति की पुरानी तकरार चल रही थी, मारपीट कर रहा था। आरोपी ने पौधे काटने वाली कैंची उसके पति के सिर में मार कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान उसके पति की मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

अदालत में पेश करने के बाद भेजा जाएगा जेल : ए.सी.पी. नॉर्थ
ए.सी.पी. नॉर्थ सर्बजीत सिंह बाजवा ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के उपरांत आरोपी शहर छोड़ कर भागने की फिराक में था, जिसे पुलिस पार्टी ने गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उसे केन्द्रीय जेल भेजा जाएगा।  

Anjna