एन.सी.सी. का नेवल विंग आज गोबिन्द सागर झील में दिखाएगा जौहर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 21, 2018 - 12:08 PM (IST)

अमृतसर(नीरज, दलजीत): डी.सी. कमलदीप सिंह संघा की तरफ से गोल्डन प्लाजा में एन.सी.सी. कैडेट्स नेवल यूनिट की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जानकारी के अनुसार यह साइकिल रैली श्री हरिमंदिर साहिब से लेकर गोबिन्द सागर झील तक का सफर करेगी। उन्होंने बताया कि एन.सी.सी. का नेवल विंग अमृतसर देश में अग्रणी रहा है।

यह विंग गोबिन्द सागर झील में मंगलवार से शुरू होने जा रही किश्ती दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 75 बच्चों में से 50 बच्चे अमृतसर के हैं जिनमें से 18 लड़कियां हैं। उन्होंने कहा कि आमतौर पर समुद्र से दूर होने के कारण पानी में खेली जाने वाली खेलों में अमृतसर के बच्चे भाग नहीं ले पाते थे लेकिन कमांडर बल्ल राजेश सिंह के प्रयास से अमृतसर के बच्चों को नया प्लेटफार्म मिला है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए कमांडर बल्ल राजेश सिंह ने बताया कि सरोवर से सागर तक थीम को आधार बनाकर श्री गुरु रामदास जी की धरती से आशीर्वाद लेकर यह रैली शुरू की गई है जो श्री गुरु गोबिन्द सिंह के चरण स्पर्श प्राप्त धरती नंगल में जाकर समाप्त होगी। अमृतसर के बच्चे 4 ट्रॉफियां व 33 मैडल जीतकर समुद्री सैनिक कैंप के चैम्पियन बने हैं। इसी प्रकार से रिपब्लिक-डे कैंप में भी अव्वल रहे। जहाजों के मॉडल बनाने के कैंप में 6 मैडल व 2 ट्रॉफियां कैडेट्स ने जीती हैं।

swetha