260 ग्राम हैरोइन सहित गैंगस्टर बौबी के 5 गुर्गे गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Oct 09, 2018 - 10:38 AM (IST)

अमृतसर(अरुण): सी.आई.ए. स्टाफ की पुलिस ने छापामारी कर हैरोइन सप्लाई करने वाले गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए थाना कैंटोनमैंट में केस दर्ज किया गया है।  सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर वविन्द्र महाजन ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हैरोइन सप्लाई करने वाले कुछ आरोपी रामतीर्थ रोड क्षेत्र के नजदीक कार में घूम रहे हैं।

पुलिस पार्टी द्वारा विशेष नाकाबंदी करते हुए एक सैंटरों कार (नंबर पी.बी.02 ए.आर.6912) को रुकने का इशारा किया तो उसमें सवार आरोपियों द्वारा कार को भगाने की कोशिश की, जिसको पुलिस पार्टी ने नाकाम कर दिया। तलाशी के दौरान कार के डैश बोर्ड में रखी 260 ग्राम हैरोइन बरामद की गई। आरोपी राहुल गिल उर्फ रघु, रोहत गिल उर्फ घुक्का दोनों पुत्र बंटी गिल निवासी सब्जी मंडी राम बाग, दानिश पुत्र धरमिन्दर कुमार निवासी गली शहीद महेन्दरपाल रामबाग, अमित कुमार पीचि पुत्र विजय कुमार निवासी छोटा हरिपुरा और सचिन गिल पुत्र धर्मपाल निवासी तकिया चानणशाह लोहगढ़ गेट को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा थाना कैंटोनमैंट में मामला दर्ज किया गया। रिमांड के दौरान इन आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी और इस दौरान कई अन्य अहम खुलासे होने की भी संभावना है।

बौबी के इशारे पर करते थे सप्लाई का धंधा
इंस्पैक्टर वविन्द्र महाजन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए यह आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर सागर उर्फ बौबी मल्होत्रा द्वारा फोन पर बताए जाने वाले ठिकानों से हैरोइन लेने के बाद इसे आगे सप्लाई करते थे। इस गोरख धंधे में जेल में बंद एक अन्य आरोपी शिवा भी इन गुर्गों का मार्गदर्शन करता था।

17 से 22 साल की उम्र के हैं सभी आरोपी
इंस्पैक्टर वविन्द्र महाजन ने बताया कि बौबी मल्होत्रा द्वारा हैरोइन सप्लाई के लिए बनाए गए 9 सदस्यीय गिरोह में सभी सदस्य 17 से 22 वर्ष तक की उम्र के हैं। इस गिरोह के 4 सदस्यों को 3 दिन पहले ही सी.आई.ए. स्टाफ ने गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने बताया कि लोकल हैरोइन सप्लाई करने वाले बौबी मल्होत्रा के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लेने के साथ उसका सारा लोकल नैटवर्क तार तार हो गया है। 

swetha