गुरु बाजार मराठा की दुकान से सोना लूटने वाला गिरोह बेनकाब

punjabkesari.in Saturday, May 19, 2018 - 05:25 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): गुरु बाजार स्थित सुनार प्रताप सिंह मराठा के कर्मचारी को गोली मार 33 लाख का सोना व 2 लाख रुपए की नकदी लूट ले जाने के मामले में जिला पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह को बेनकाब कर 2 लुटेरों को गिरफ्तार किया है, जिनमें योगेश कुमार शैम्पी निवासी गली शिवाला भांडिया वाला बाजार व जोनी कपूर उर्फ जोनी निवासी छहर्टा शामिल है।

पुलिस ने उक्त आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की पिस्तौल, 5 कारतूस, मोटरसाइकिल, 980 ग्राम चांदी व सोने के जेवरात बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया है।  डी.सी.पी. इंवैस्टीगेशन जगमोहन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 10 मई को रात करीब 8:30 बजे उक्त गिरोह ने प्रताप सिंह मराठा की दुकान पर जाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद पुलिस ने थाना कोतवाली के इंचार्ज इंस्पैक्टर सुखबीर सिंह व सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज इंस्पैक्टर जोगा सिंह की अध्यक्षता में स्पैशल टीम का गठन किया गया, जिसने आज गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार कर मराठा की दुकान पर हुई लूट की गुत्थी को सुलझा लिया। 

कब और कैसे हुई थी लूट
गुरु बाजार 10 मई शुक्रवार रात्रि करीब 8:30 बजे 3 पिस्तौलधारी लुटेरे सुनार प्रताप सिंह मराठा की दुकान पर आए जहां उन्होंने उसके करिंदे रमेश को गोली मारी और उसके बाद प्रताप सिंह पर भी फायर किया। इसके बाद लुटेरे 33 लाख का सोना, 2 लाख की नकदी व 1 किलो चांदी लूट वहां से फरार हो गए। सुनार प्रताप सिंह मराठा के अनुसार 3 नाकाबपोश लुटेरे उसकी दुकान पर आए और गोलियां चलाकर सोना लूट ले गए थे। 

कुख्यात गैंगस्टर मस्ती ने बनाई थी लूट की योजना
पिछले लम्बे समय से पुलिस को वांछित चल रहे कुख्यात गैंगस्टर रजत मल्होत्रा उर्फ करन मस्ती ने मराठा की दुकान पर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी, जो अपने साथियों के साथ पिस्तौल लेकर गया और उसने ही वारदात को अंजाम दिया जबकि उसके कुछ साथी दुकान से कुछ दूरी पर खड़े थे और जैसे ही करन मस्ती अपने दो अन्य साथियों के साथ सोना लूट कर आया तो अन्य आरोपी उसे भगा ले जाने में कामयाब हुए। पुलिस फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि लूटे गए सोने का मेन हिस्सा करन मस्ती व उसके अन्य साथियों के पास है जिसे उनकी गिरफ्तारी के उपरांत ही रिकवर किया जा सकेगा।

गिरोह में शामिल अन्य सदस्य जिन्हें गिरफ्तार  करना बाकी है
*रजत मल्होत्रा उर्फ करन मस्ती निवासी मजीद मंडी बाजार गुज्जरा
*अमनप्रीत सिंह रिंका निवासी फतेह सिंह कालोनी
*नवनीत सिंह शेरा निवासी फतेह सिंह कालोनी
*नरिन्द्र सिंह गोगी निवासी कटड़ा आहलुवालिया
*अंग्रेज सिंह निवासी फतेह सिंह कालोनी 

Punjab Kesari