ए.टी.एम. तोडने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना सहित 4 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 08:40 AM (IST)

अमृतसर (संजीव): एयरपोर्ट रोड पर स्थित ए.टी.एम. तोड़ कर हजारों की राशि चोरी कर ले जाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जिला पुलिस ने गिरोह के सरगना गुरदीप सिंह गिल निवासी झंजोटी सहित उसके साथी गुरलाल सिंह निवासी कांवे, जुगराज सिंह बंटी निवासी राए व कुलविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उक्त आरोपियों के कब्जे से ए.टी.एम. मशीन का तोड़ा इंजैक्टर व चोरी किए गए 19 हजार में से 4300 रुपए की नकदी भी बरामद कर ली है। यह खुलासा   ए.डी.सी.पी. लखबीर सिंह ने एक पत्रकार सम्मेलन के दौरान किया। 

उन्होंने बताया कि 6 नवम्बर 2018 को ओरिंयटल बैंक आफ कॉमर्स के चीफ मैनेजर पुनीत कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि बैंक का ए.टी.एम. तोड़ अज्ञात व्यक्ति 19 हजार रुपए चोरी कर लिए गए है। इस पर चौकी गुमटाला के इंचार्ज ए.एस.आई. शमशेर सिंह व साइबर सैल की विशेष टीम ने मामले की जांच शुरू की। ए.एस.आई. शमशेर सिंह को आरोपियों के बारे में कुछ ऐसे सुराग मिले जिस पर उन्हें आज गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ए.टी.एम. लुटने की वारदात को कबूला।

कर्ज उतारने के लिए तोड़ा था ए.टी.एम.

ए.डी.सी.पी. लखबीर सिंह ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सभी सदस्य कर्ज तले दबे हुए थे। इसी कारण उन्होंने ए.टी.एम. तोड़ा और नकदी चुराई थी। पुलिस आरोपियों से गहनता के साथ पूछताछ कर रही है और उनसे सरअंजाम दी गई अन्य वारदातों के खुलासे होने की भी संभावना है। 

swetha