जेल के सुरक्षा गार्ड से अफीम बरामद,निशानदेही पर हवालाती से मिला मोबाइल

punjabkesari.in Saturday, Sep 15, 2018 - 02:52 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): जेलों की सुरक्षा को फूलप्रूफ बनाने के लिए तैनात की गई पंजाब सरकार की एजैंसी पेस्को के कर्मचारी अब सुरक्षा की आड़ में मोटी रकम लेकर जेलों में बंद कैदियों व हवालातियों को नशा पहुंचा रहे है। इसका खुलासा अमृतसर सैंट्रल जेल में तैनात पेस्को कर्मचारी सरुप सिंह निवासी घन्नूपुर काले की गिरफ्तारी के बाद हुआ। 

 

तालाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 ग्राम अफीम बरामद हुई। वह एन.डी.पी.एस. एक्ट के मामले में जेल में बंद  कैदी भुपिन्द्र सिंह निवासी वडाला कलां को उक्त अफीम देने लाया था। अतिरिक्त जेल सुपरिटैंडैंट अवतार सिंह ने शक होने पर उसकी तालाशी लेकर उसके कब्जे से अफीम व बीडिया बरामद की। इस पर जेल प्रशासन ने पेस्को कर्मचारी सरुप सिंह को थाना इस्लामाबाद की पुलिस के हवाले कर केस दर्ज कर लिया है। 

 
उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के लिए पंजाब एक्स सर्विस मैन कार्पोरेशन पेस्को का गठन किया गया है। यह सेवानिवृत्त होने वाले फौजियों को भर्ती कर पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा के लिए तैनात किए जाते है। पकड़ा गया सरुप सिंह भी भारतीय सेना का पूर्व सैनिक है जिसकी डयूटी जेल के अंदर लगी थी। जेल में बंद कैदी भुपिन्द्र सिंह की सरुप सिंह के साथ जान-पहचान हो गई। वह कैदी के लिए काम करने लगा। इसके बदले में वह उससे पैसा लेता था। आज भी वह अफीम व बीडियां सप्लाई करने के लिए जा रहा था कि उसे जेल प्रशासन ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान सरुप सिंह की निशानदेही पर जेल प्रशासन ने जब भुपिन्द्र सिंह की तालाशी ली तो उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। चौकी फताहपुर के इंचार्ज का कहना है कि सरुप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे माननीय अदालत के निर्देशों पर जांच के लिए पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।  

swetha