रावी के शेरपुर में मिला चिनाब का 2.75 लाख क्यूसिक पानी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 26, 2018 - 12:27 PM (IST)

अमृतसर(नीरज): अजनाला क्षेत्र में बहते रावी का पानी तो धीरे-धीरे सामान्य होता जा रहा है, लेकिन कुछ स्थानों पर चिनाब का पानी इसमें मिक्स होता जा रहा है जिससे शेरपुर इलाके में पानी 2.75 लाख क्यूसिक तक पहुंच गया है। इसकी तुलना सक्की नाला के आसपास रावी का पानी जो पहले 1.45 लाख क्यूसिक हो गया था वह अब 1.12 लाख तक रह गया है। 

जानकारी के अनुसार जिला मैजिस्ट्रेट व डी.सी. कमलदीप सिंह संघा की तरफ से सीमावर्ती इलाके अजनाला के रावी दरिया के आसपास का बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया गया उनके साथ एस.डी.एम. अजनाला डा. रजत ओबराय भी साथ रहे। डी.सी. ने प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ 5 घंटे से ज्यादा का समय संभावित बाढ़ प्रभावित इलाके में बिताया और लोगों का हालचाल भी जाना। साथ ही खराब हुई फसलों की गिरदावरी करने के आदेश भी दिए।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए डी.सी. ने बताया कि रावी दरिया में शाहपुर इलाके में 2 दिन पहले 1.45 लाख क्यूसिक पानी आया था जो बारिश थमने के कारण 1.12 लाख क्यूसिक रह गया है। मौसम विभाग की तरफ से भी जानकारी दी गई है कि आने वाले दिनों में बारिश नहीं होगी। ऐसे में 2-4 दिन में हालात सामान्य हो जाएंगे। उन्होंने बताया कि रावी के किनारे वाले निचले इलाके में खेतों में पानी भरा है जिसका मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के निर्देशानुसार गिरदावरी करवाई जा रही है। रावी के साथ-साथ चिनाब नदी का पानी भी कई बार इस क्षेत्र में मार कर जाता है, लेकिन फिलहाल हालात काबू में हैं। 

इसके बावजूद जिला प्रशासन की तरफ से बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। जनता से भी अपील की जाती है कि वह किसी प्रकार की अफवाहों पर यकीन न करें। प्रशासन की तरफ से जुलाई माह में ही बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया था, जो 24 घंटे सातों दिन काम करता है। इसका फोन नंबर 0183-2229125 है। बाढ़ प्रभावित लोग किसी भी समय इस हैल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।

रावी दरिया पर बी.एस.एफ. की पोस्टें भी सुरक्षित
रावी दरिया में ज्यादा पानी आने से कई बार पाकिस्तान के सामने लगती बी.एस.एफ. की पोस्टें पानी में डूब जाती हैं, लेकिन फिलहाल यह सभी पोस्टें सुरक्षित हैं। डी.सी. कमलदीप सिंह संघा ने बी.एस.एफ. के अधिकारियों के साथ इन पोस्टों का भी जायजा लिया।इसके अलावा दरिया के पार वाली जमीन भी पानी से ज्यादा प्रभावित नहीं हुई है। डी.सी. ने रात 12 बजे प्रशासनिक टीम के साथ किया शहर का दौरा
2 दिन हुई बारिश के कारण जहां महानगर में कई स्थानों पर सड़के धंसने व नुक्सान को देखते हुए डी.सी. कमलदीप सिंह संघा ने रात 12 बजे के बाद चुनिन्दा प्रशासनिक अधिकारियों की टीम को साथ लेकर शहर के कुछ संवेदनशील इलाकों का दौरा किया। जहां पर काफी पानी इक्कठा था और लोग परेशान हो रहे थे जिन इलाकों में इमारतें गिरने या फिर नुक्सान होने की संभावना थी, वहां पर भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की मदद ली गई।

swetha