लगातार बढ़ रही सर्दी ने बिगाड़ा बच्चों व वृद्ध लोगों का स्वास्थ्य, जन-जीवन प्रभावित

punjabkesari.in Thursday, Dec 28, 2023 - 02:26 PM (IST)

तरनतारन : तापमान में रोजाना गिरावट होने पर घनी धुंध ने आम जन-जीवन प्रभावित कर दिया है। सर्दी की चपेट में आने के कारण बच्चों व वृद्ध लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ता नजर आ रहा है। बढ़ रही सर्दी के मौसम में वृद्ध लोगों को दिल की बीमारियों ने अपनी चपेट में ले लिया है। इसके अलावा छोटे बच्चे निमोनिया जैसी जानलेवा बीमारी के शिकार हो रहे हैं।

गौरतलब है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य प्रति सतर्क रहने के लिए लोगों से अपील की जा रही है। साल के अंतिम माह दिसम्बर में तापमान की गिरावट होने पर सर्दी ने अपना प्रभाव दिखा दिया है। सर्दी से बचने के लिए लोग अपने घरों में रुम हीटर का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके अलावा विभिन्न कामों को लेकर घर से बाहर रहने वाले लोग आग का सहारा लेने के लिए मजबूर हैं। इन दिनों घनी धुंध अपना पूरा कहर दिखा रही है। धुंध के कारण कई वाहन सड़क हादसों का शिकार हो रहे हैं। वाहन चालक धीमी रफ्तार से चलने के लिए मजबूर हैं। उधर, सर्दी के कारण छोटे बच्चों में निमोनिया का प्रभाव देखा जा रहा है। अस्पतालों में इलाज के लिए पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ती जा रही है।

सिविल अस्पताल तरनतारन के सीनियर मैडीकल अधिकारी (एक्सट्रा चार्ज) व बच्चों के विशेषज्ञ डाक्टर नीरज लत्ता ने बताया कि छोटे बच्चों में निमोनिया, छाती की इंफैक्शन, टाइफाइड, डायरिया के अलावा अन्य बीमारियों के लक्षण देखने को मिल रहे हैं। ऐसे मौसम में कई महिलाएं अपने नवजात बच्चों को बिस्तर में अच्छी तरह लपेट देती हैं। इससे बच्चे की सांस रुक जाती है। इसके कारण बच्चे की मौत भी हो सकती है। सर्दी के मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना बहुत जरुरी होता है। बिना किसी कारण बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें, जंक फूड की बजाय संतुलित आहार का सेवन करवाएं, बच्चे को बुखार व इंफैक्शन होने पर विशेषज्ञ डाक्टर के साथ संपर्क करें।

सर्दी में वृद्ध लोगों का स्वस्थ रहना भी बहुत जरूरी

दिल के रोगों के विशेषज्ञ डाक्टर का कहना है कि बढ़ रही सर्दी के मौसम में हर उम्र के लोगों का स्वस्थ रहना बहुत जरूरी है। दिल के रोगों से पीड़ित व्यक्ति को इन दिनों सैर करने से परहेज करना चाहिए। समय-समय पर अपना हैल्थ चैकअप करवाते रहना चाहिए। संतुलित आहार का सेवन करते हुए खुद को स्वस्थ रखना चाहिए। इसके अलावा डाइटिशियन का कहना है कि सर्दी के मौसम में कई लोग पानी पीना कम कर देते हैं, जो बिल्कुल गलत है। मौसम चाहे कैसा भी हो, पानी हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत जरुरी है। सही आहार का सेवन कभी हमारे स्वास्थ्य को बिगड़ने नहीं देता। भूख के अनुसार व सही समय पर भोजन का सेवन करें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kalash