साढ़े 5 करोड़ की हैरोइन सहित 3 गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, Nov 10, 2019 - 11:40 AM (IST)

बरनाला(विवेक सिंधवानी, गोयल): बरनाला पुलिस ने 3 नशा तस्करों को 1 किलो 100 ग्राम हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बरामद की गई हैरोइन की कीमत लगभग साढ़े 5 करोड़ रुपए बनती है। एस.एस.पी. हरजीत सिंह ने बताया कि सी.आई.ए. स्टाफ बरनाला के इंचार्ज बलजीत सिंह को सूचना मिली कि सुखदेव सिंह वासी संगरूर, गुरप्रीत सिंह वासी माजरा जिला बरनाला, हैप्पी सिंह वासी समुंदगढ़ छन्ना जिला संगरूर ने गिरोह बनाया हुआ है जो कार में हैरोइन, नशीली गोलियां लाकर बरनाला, धनौला तथा आसपास के क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। 

सूचना के आधार पर धनौला के पास नाकाबंदी करके कार से इन तीनों को गिरफ्तार किया। इसमें गुरप्रीत सिंह के पास से 500 ग्राम चिट्टा, हैप्पी सिंह से 320 ग्राम चिट्टा तथा सुखदेव सिंह से 280 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। 

दिल्ली से खेप लेकर आए थे आरोपी 
एस.पी.डी. सुखदेव सिंह विर्क ने बताया कि आरोपी दिल्ली से एक नाइजीरियन व्यक्ति से नशे की खेप लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि पूछताछ दौरान इनसे और भी अहम खुलासे होने की उम्मीद है। इस अवसर पर डी.एस.पी. प्रज्ञा जैन, सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज बलजीत सिंह भी उपस्थित थे। 

Edited By

Sunita sarangal