धान से भरा ट्रक अगवा कर चालक का कत्ल करने वाले 4 काबू

punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2020 - 01:17 PM (IST)

धूरी(जैन,अश्विनी): इलाके से धान का भरा एक ट्रक अगवा करके उसके चालक का कत्ल करने और उक्त ट्रक में लोड धान से भरे 480 थैले बेचने के आरोप में स्थानीय पुलिस ने 4 व्यक्तियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनका एक अन्य साथी किसी और मामले में पहले ही बरनाला जेल में बंद बताया जा रहा है।

इस संबंधी डी.एस.पी. रछपाल सिंह ने थाना सदर धूरी के प्रमुख डा. जगबीर सिंह ढट्ट की मौजूदगी में एक प्रैस कान्फ्रैंस दौरान बताया कि हरप्रीत सिंह निवासी बुढलाडा ने 18 नवम्बर 2018 को एक ट्रक में 480 गट्टे (थैले) धान के (प्रति थैला 50 किलोग्राम) भर कर भसौड़ (धूरी) में स्थित एक औद्योगिक इकाई में भेजे थे। उक्त ट्रक का चालक बलविंद्र सिंह और कंडक्टर प्रगट सिंह थे। ट्रक चालक और कंडक्टर के साथ हरप्रीत सिंह का फोन पर संपर्क न होने के चलते उसके द्वारा उक्त दोनों के खिलाफ 25 नवम्बर 2018 को थाना सदर धूरी में धान से भरे ट्रक को खुर्द-बुर्द करने के आरोप में एक मामला दर्ज करवाया गया था। 

 इस मामले में 29 नवम्बर 2018 को खाली ट्रक व कंडक्टर प्रगट सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बाद में 1 दिसम्बर 2018 को ट्रक के चालक बलविंद्र सिंह की लाश बल्लों के नहर (थाना सैहणा) से मिली थी, जिसमें पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई अमल में लाई थी, लेकिन उस समय धान का कोई सुराग नहीं मिला था। उक्त मामले की पड़ताल थाना सदर धूरी के प्रमुख डा. जगबीर सिंह ढट्ट की निगरानी में सहायक थानेदार प्रितपाल सिंह इंचार्ज पुलिस चौकी रणीके द्वारा की जा रही थी। जांच दौरान पुलिस ने इस मामले में पुरुषोत्तम सिंह उर्फ लीला पुत्र हरनेक सिंह, ङ्क्षबदर सिंह (दोनों निवासी कोठे मौड़), सतवीर सिंह तथा अवतार सिंह को गिरफ्तार किया था। उक्त आरोपियों से पूछताछ दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। 

पूछताछ दौरान पता चला था कि उक्त आरोपियों में से अवतार सिंह उर्फ तारी तथा सतवीर सिंह जोकि दोनों ड्राइवर थे, ने उक्त ट्रक के चालक बलविंद्र सिंह को शराब के नशे की हालत में 20 नवम्बर 2018 को धान से भरे ट्रक सहित अगवा कर लिया था। इन आरोपियों ने उक्त अगवा किए गए ट्रक को गांव आलीके में ले जाकर वहां पुरुषोत्तम सिंह उर्फ लीला, ङ्क्षबदर सिंह उर्फ निक्का तथा रमेश मेशी के साथ मिल कर उक्त धान की फसल मंडी में ढेरी कर दी थी। आरोपियों ने ट्रक के चालक बलविंद्र सिंह को पुरुषोत्तम सिंह की मोटर पर बंदी बना कर 21 नवम्बर 2018 की रात को बल्लों के पुल सैहणा में नहर में डुबो कर उसका कत्ल कर दिया था जिसकी लाश को पुलिस द्वारा 1 दिसम्बर 2018 को बरामद किया गया था।

इन आरोपियों ने बलविंद्र सिंह के कत्ल के बाद उक्त खाली ट्रक को वजीदके कलां (बरनाला) में खड़ा कर दिया था और उक्त धान की फसल को ट्रैक्टर-ट्राली का प्रबंध करके बेच कर रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस द्वारा उक्त पांचों आरोपियों के खिलाफ बलविंद्र सिंह को अगवा करके उसका कत्ल कर लाश को खुर्द-बुर्द करने और धान की फसल हड़पने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 4 आरोपी धूरी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि इनका पांचवां साथी रमेश मेशी किसी अन्य मामले में बरनाला जेल में बंद है। डी.एस.पी. रछपाल सिंह ने बताया कि उक्त पांचवें आरोपी का जल्दी ही प्रोडक्शन वारंट हासिल करके हड़पे गए धान को बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। पूरे मामले में ट्रक के कंडक्टर प्रगट सिंह की कोई भूमिका नहीं पाई गई बताई जा रही है।

Vaneet