सफाई सेवक यूनियन के अध्यक्ष पर किया कातिलाना हमला

punjabkesari.in Sunday, Jun 17, 2018 - 02:22 PM (IST)

बरनाला(विवेक सिंधवानी,गोयल): सफाई सेवक यूनियन के प्रधान के घर पर 10-12 नौजवानों ने हमला करके उनको तथा उनके पारिवारिक सदस्यों को घायल कर दिया। सफाई सेवक यूनियन के अध्यक्ष ने पुलिस पर कथित तौर पर आरोप लगाया कि पुलिस आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। 

संघर्ष करने को होंगे मजबूर
घटना संबंधी सिविल अस्पताल में जानकारी देते हुए सफाई सेवक यूनियन के अध्यक्ष जय राम राखी ने कहा कि मैं व मेरा परिवार माता के धाम में माथा टेकने के  लिए गए थे। गत रात्रि हम वापस आ रहे थे तो रास्ते में किसी नौजवान ने हम पर व्यंग्य कसे। इसके बाद वह देर रात अपने 10-12 साथियों को लेकर हमारे घर में दाखिल हुआ।

इन नौजवानों ने नशा किया हुआ था। नशे की हालत में इन्होंने मेरे परिवार पर कातिलाना हमला किया। मेरे पिता चंदगी राम,मेरी माता राम कली जोकि पूर्व सफाई यूनियन की अध्यक्ष हैं, मेरी बेटी मोनिका व अजय कुमार को घायल कर दिया। यह घटना रात 11 बजे के करीब की है पर अभी तक कोई भी पुलिस कर्मचारी हमारे बयान दर्ज करने नहीं आया। आरोपी सरेआम घूम रहे हैं। पुलिस द्वारा इस मामले में ढीली कार्रवाई की जा रही है। यदि पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो हमें मजबूरीवश संघर्ष करना पड़ेगा। 

क्या कहते हैं डी.एस.पी.
जब इस संबंधी डी.एस.पी. राजेश छिब्बर से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि पीड़ित व्यक्तियों के पुलिस बयान दर्ज कर रही है। बयानों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।    

Anjna