अवैध संबंधों में बाधा बनी पत्नी का ईंटों से प्रहार कर किया कत्ल

punjabkesari.in Sunday, Jul 07, 2019 - 10:08 AM (IST)

बरनाला/ तपा मंडी(विवेक सिंधवानी, गोयल, शाम, गर्ग): अवैध संबंधों में रोड़ा बनी पत्नी मनदीप कौर पर उसके पति सहबर सिंह ने ईंट पत्थरों से हमला करके उसका कत्ल कर दिया। अपनी मां को बचाने के लिए जब बेटा आगे आया तो पिता ने उस पर भी ईंटों से हमला कर दिया जिस कारण वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना घर में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में भी कैद हो गई। मां-बेटे को तपा के सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां मनदीप कौर को डाक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। गांव वासियों व पारिवारिक मैंबरों का कहना था कि आरोपी उलटा थाने में अपनी पत्नी व लड़के  की शिकायत करने चला गया कि इन्होंने मुझ पर हमला किया है, जबकि पुलिस इस बात को नकार रही है। 

मृतका के बेटे के बयानों के आधार पर पति व उसकी प्रेमिका पर केस दर्ज
मामले संबंधी जानकारी देते हुए थाना शैहणा के इंचार्ज सरदारा सिंह ने बताया कि मृृतका के बेटे सुखविंद्र सिंह उर्फ लखविंद्र के बयानों के आधार पर मृतका के पति सहबर सिंह व सहबर सिंह की प्रेमिका रणजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जब उनसे पूछा गया कि पारिवारिक मैंबर कहते हैं कि सहबर सिंह थाने में शिकायत करने आया था तो उनको थाने में ही बैठा लिया गया है। तो उन्होंने कहा कि हमारे पास सहबर सिंह कोई भी शिकायत करने नहीं आया था। दोनों आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। 

विवाह के कुछ समय बाद ही करने लगा था मेरा जीजा मेरी बहन से मारपीट
सिविल अस्पताल बरनाला में बातचीत करते हुए मृतका के भाई परमजीत सिंह खुड्डी ने बताया कि मेरी बहन का विवाह 22-23 वर्ष पहले सहबर सिंह के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही वह मेरी बहन से मारपीट करने लग गया था। घर में तीन लड़कियों व एक लड़के ने भी जन्म ले लिया इसके बावजूद भी उसका चाल चलन नहीं सुधरा। मेरे जीजा ने अपनी पड़ोसन रणजीत कौर के साथ अवैध संबंध बना लिए। 
वह उसके साथ एक वर्ष घर से बाहर भी रहा था, परंतु बाद में पंचायत ने उसको फिर से घर में वापस भेज दिया। मेरी बहन उसको अवैध संबंधों से रोकती थी। गत दिवस जब वह मनरेगा मजदूरी करके वापस नहा धोकर सब्जी बनाने लगी तो मेरे जीजा ने उस पर ईंटों से हमला कर दिया। जब वह नीचे गिर गया तब भी वह उस पर ईंट पत्थर बरसाता रहा। उसे रोकने के लिए मेरा भांजा आया तो उसको भी उसने ईंटें मारकर घायल कर दिया। 

शुरू से ही मेरे भाई की सोसायटी थी खराब
बातचीत करते हुए आरोपी के सगे भाई भोला सिंह ने कहा कि हम चार भाई हैं। मैं बड़ा हंू जबकि सहबर सिंह सबसे छोटा है। उसकी शुरू से ही सोसायटी खराब थी। उसके पास जीप भी थी। जो उसने खराब सोसायटी के कारण बेच दी व वह फिर से राज मिस्त्री का काम करने लगा। पूरा परिवार उसकी खराब सोसायटी के कारण उससे खफा था। गांव वासी भी उससे खफा थे। इसके बावजूद उसने अपना चाल चलन नहीं सुधारा।

swetha